सोने-चांदी में भारी भूचाल, चांदी 12 हजार रुपये लुढ़की; सोना भी ₹1300 टूटा
नई दिल्ली: सोने-चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार, 6 फरवरी 2026 को चांदी के दामों में जबरदस्त टूट देखने को मिली। एक ही दिन में चांदी करीब 12 हजार रुपये प्रति किलो तक सस्ती हो गई, जबकि सोना भी ₹1,326 प्रति 10 ग्राम की गिरावट के साथ कमजोर हुआ।
MCX पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी 2.42 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास कारोबार करती दिखी। वहीं अप्रैल डिलीवरी वाला सोना फिसलकर 1.51 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया।
गौरतलब है कि 29 जनवरी को चांदी ने 4.20 लाख रुपये प्रति किलो और सोने ने 1.93 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई बनाया था, लेकिन इसके बाद से बाजार में तेज गिरावट देखने को मिल रही है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी पर भारी दबाव है। शुरुआती एशियाई कारोबार में स्पॉट सिल्वर गिरकर 64 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई, जो अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से 40 फीसदी से ज्यादा नीचे है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, बाजार में लिक्विडिटी संकट, मुनाफावसूली और तेज उतार-चढ़ाव के चलते चांदी ने पिछले महीने की पूरी तेजी गंवा दी है। सोना भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में 0.7% गिरकर 4,745 डॉलर प्रति औंस के आसपास आ गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि बजट के बाद भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर बनी सकारात्मक धारणा अब कमजोर पड़ रही है। साथ ही वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और निवेशकों की सतर्कता ने कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ा दिया है।
शादी-ब्याह के सीजन के बीच आई यह गिरावट आम खरीदारों के लिए राहत मानी जा रही है, लेकिन निवेशकों को फिलहाल संभलकर कदम रखने की सलाह दी जा रही है।



