वीडियो: कपकोट पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता में बड़ा हादसा, दो पायलट गंभीर घायल

कपकोट पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता में बड़ा हादसा, दो पायलट गंभीर घायल

रिपोर्ट- अमित भट्ट
उत्तराखंड के कपकोट में चल रही पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के दौरान शुक्रवार को लैंडिंग के समय दो पायलट नियंत्रण खो बैठे, जिससे वे नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

देखें वीडियो:-

हादसे में दोनों प्रतिभागियों को कमर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। स्थिति को देखते हुए दोनों को एयर एंबुलेंस (एयर हैली) के माध्यम से हायर सेंटर रेफर किया गया है।

टिहरी गढ़वाल निवासी पैराग्लाइडर रणजीत सिंह चौहान, जो उत्तराखंड टीम की ओर से प्रतियोगिता में भाग ले रहे थे, उड़ान के दौरान बेहतर प्रदर्शन कर रहे थे। हालांकि लैंडिंग के अंतिम चरण में उनका पैराग्लाइडर अचानक असंतुलित हो गया और वे जोर से जमीन पर गिर पड़े।

इस हादसे में उन्हें कमर में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद मेडिकल टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें कपकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया।

वहीं दूसरे घायल पायलट नवीन परिहार, जो वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य भी हैं, लैंडिंग के दौरान पैर के बल गिर पड़े। इस कारण उनके पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक सुरेश गढ़िया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और दोनों घायलों की स्थिति की जानकारी चिकित्सकों से ली।

सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. प्रतीक शर्मा ने बताया कि दोनों पायलटों को गंभीर चोटें आई हैं। बेहतर उपचार के लिए उन्हें आर्थोपेडिक विशेषज्ञ के पास रेफर किया गया है। मामले की जानकारी प्रशासन को भी दे दी गई है।