नाबालिग गर्भवती मिलने से हंगामा, आरोपी गिरफ्तार
भवाली (नैनीताल)। उत्तराखण्ड के भवाली क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के गर्भवती पाए जाने की सूचना के बाद गुरुवार को तनाव की स्थिति बन गई। मामले को लेकर हिंदूवादी संगठनों ने कोतवाली का घेराव किया और इसे लेकर ‘लव जिहाद’ का आरोप लगाते हुए बाजार बंद कराया।
गुरुवार दोपहर संगठनों के कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और आरोप लगाया कि मुरादाबाद से आए एक युवक ने स्थानीय किशोरी को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कोतवाल व अन्य पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इसके बाद संगठन के लोग जुलूस की शक्ल में भवाली की सड़कों पर उतरे और नारेबाजी करते हुए व्यापारियों से दुकानें बंद रखने का आग्रह किया। धीरे-धीरे बाजार की कई दुकानों के शटर बंद हो गए।
एसपी सिटी जगदीश चंद्र ने बताया कि बीते दिन अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली थी कि एक नाबालिग किशोरी गर्भवती है। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट, बलात्कार सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। नाबालिग को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।
अपडेट: आरोपी युवक का नाम साहिल बताया जा रहा है, जो टैक्सी चालक है। आरोप है कि वह अलग-अलग नामों का इस्तेमाल कर युवतियों को अपने जाल में फंसाता था। इन आरोपों की भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।



