ऋषिकेश में बनेगा देश का दूसरा सबसे बड़ा वर्ल्ड-क्लास एक्वेरियम, 270 करोड़ का प्रोजेक्ट
ऋषिकेश: उत्तराखंड को एक नया अंतरराष्ट्रीय टूरिस्ट डेस्टिनेशन मिलने जा रहा है। ऋषिकेश में देश का दूसरा सबसे बड़ा और वर्ल्ड-क्लास एक्वेरियम बनाया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए मत्स्य विभाग और एनबीसीसी के बीच एमओयू साइन किया गया है।
करीब 270 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्रोजेक्ट 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह एक्वेरियम ‘नमामि गंगे लर्निंग इंस्टीट्यूट एंड सेंटर’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां उत्तराखंड की मछलियों की प्रजातियों का संरक्षण, संवर्धन और अध्ययन किया जाएगा। साथ ही यह सेंटर मत्स्य पालकों के लिए प्रशिक्षण हब के तौर पर भी काम करेगा।
परियोजना की खास बात यह होगी कि एक्वेरियम का कुछ हिस्सा अंडरग्राउंड होगा, जहां दीवारों और सीलिंग पर तैरती मछलियां दिखाई देंगी। पूरा परिसर सेंट्रलाइज्ड एसी और इंटरनेशनल-लेवल इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस होगा।
मत्स्य मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि ऋषिकेश चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार है, ऐसे में यह एक्वेरियम राज्य के टूरिज्म को नई ऊंचाई देगा।
वहीं एनबीसीसी के अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण के बाद पहले 5 साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी एनबीसीसी की होगी।
अहमदाबाद के बाद यह देश का दूसरा सबसे बड़ा एक्वेरियम होगा, जो उत्तराखंड को टूरिज्म और मत्स्य संरक्षण — दोनों क्षेत्रों में नई पहचान दिलाएगा।


