बिग ब्रेकिंग : श्री  गुरु राम राय विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक सप्ताह का भव्य आगाज़,

श्री  गुरु राम राय विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक सप्ताह का भव्य आगाज़,

“छात्रों की रंगारंग प्रस्तुतियों से सजा मंच, फैशन शो में दिखी भारत की सांस्कृतिक विविधता”

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में आज  सांस्कृतिक उत्साह और रचनात्मक ऊर्जा का शानदार संगम देखने को मिला। विश्वविद्यालय परिसर में 4 से 7 फरवरी तक आयोजित होने वाले सांस्कृतिक सप्ताह का औपचारिक शुभारंभ किया गया,

जिसमें विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि एसजीआरआर विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए निरंतर अवसर उपलब्ध कराता है, जिससे उनमें अनुशासन, नेतृत्व और टीमवर्क की भावना विकसित होती है।

डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. (डॉ.) मालविका सती कांडपाल ने बताया कि सांस्कृतिक सप्ताह के अंतर्गत नृत्य, संगीत, फैशन शो, रंगोली, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट और फूड फेस्ट जैसी कई प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं।

सांस्कृतिक सप्ताह के पहले दिन आयोजित फैशन शो में देश के विभिन्न राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली,

जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सभी स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ईशा शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।