क्राइम रिपोर्ट : उत्तराखंड में एक साथ चार घटनाएं और कई सवाल, आप भी पढ़ें….

उत्तराखंड में एक साथ चार घटनाएं और कई सवाल, आप भी पढ़ें….

उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से सामने आई घटनाओं ने एक बार फिर राज्य में कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक पारदर्शिता और सामाजिक जिम्मेदारी को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

कहीं सार्वजनिक स्थल पर युवाओं की हिंसा से दहशत फैली, तो कहीं नगर पालिका की टेंडर प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगे। वहीं एक भीषण सड़क हादसे के बाद पैसों को लेकर विवाद और हल्द्वानी में भाई द्वारा भाई की हत्या ने समाज को झकझोर कर रख दिया है।

पौड़ी: गांधी पार्क में युवाओं के दो गुटों में जमकर मारपीट

पौड़ी गढ़वाल में नगर पालिका कार्यालय के सामने स्थित गांधी पार्क में मंगलवार शाम युवाओं के दो गुटों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। लात-घूंसे और पत्थर चलने से पार्क में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक युवती के भी घायल होने की सूचना है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। स्थानीय नागरिकों ने गांधी पार्क को नशेड़ियों का अड्डा बताते हुए पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

कोतवाली पौड़ी के प्रभारी निरीक्षक जयपाल नेगी ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई है।

ऋषिकेश: मुनि की रेती नगर पालिका की टेंडर प्रक्रिया पर कांग्रेस का आरोप

जनपद टिहरी के मुनि की रेती नगर पालिका में टेंडर प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने पक्षपात और परिवारवाद के आरोप लगाए हैं। इंडियन यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अंशुल रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया।

कांग्रेस का आरोप है कि पार्किंग और निर्माण कार्य से जुड़े टेंडरों में पालिका अध्यक्ष ने अपने विवेकाधिकार का गलत इस्तेमाल करते हुए अपने चहेते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाया। इस संबंध में वीडियो रिकॉर्डिंग जिलाधिकारी को भेजने की तैयारी की जा रही है।

वहीं अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के अनुसार की गई है।

विकासनगर: बस हादसे के बाद नोटों से भरा बैग मिलने पर हंगामा

उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर विकासनगर क्षेत्र में हुए दर्दनाक बस हादसे में तीन लोगों की मौत और करीब 12 लोगों के घायल होने के बाद एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई। दुर्घटनाग्रस्त बस से करीब 3 लाख 20 हजार रुपये से भरा बैग बरामद हुआ, जिसे लेकर मौके पर विवाद की स्थिति बन गई।

पुलिस ने बैग अपने कब्जे में लेकर जांच की, जिसमें यह बैग घायल यात्री अब्दुल कयूम का निकला। एसडीएम चकराता की मौजूदगी में पुलिस ने नोटों का पूरा विवरण तैयार कर बैग उनके परिजनों को सौंप दिया। हादसे के दौरान पैसों को लेकर लोगों में झगड़े ने मानवीय संवेदनाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए।

हल्द्वानी: मामूली विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या

नैनीताल जिले के हल्द्वानी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। बरेली रोड क्षेत्र में बड़े भाई संदीप जायसवाल ने मामूली विवाद के बाद अपने छोटे भाई सोनू जायसवाल की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने स्टील के लौटे से सोनू के चेहरे और सिर पर कई वार किए और फिर उसका सिर बार-बार बेड पर पटका, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि संदीप पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है और अपनी मां पर भी जानलेवा हमला कर चुका है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

चार घटनाएं, एक सवाल

इन चारों घटनाओं ने उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक जवाबदेही और सामाजिक मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा से लेकर पारदर्शी प्रशासन और मानवीय संवेदनाओं तक—हर स्तर पर आत्ममंथन की जरूरत महसूस की जा रही है।