श्री महंत इंद्रेश अस्पताल और मिलिट्री हॉस्पिटल ने दिया कैंसर जागरूकता का सशक्त संदेश
- ‘रन फॉर कैंसर अवेयरनेस’ में 250 से अधिक प्रतिभागियों की सहभागिता
- विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुई वॉकाथॉन एवं रन
देहरादून। विश्व कैंसर दिवस (4 फरवरी) के उपलक्ष्य में उत्तराखंड सब एरिया के तत्वावधान में रविवार, 1 फरवरी 2026 को श्री महंत इंद्रेश अस्पताल के ऑन्कोलॉजी विभाग एवं मिलिट्री हॉस्पिटल, देहरादून द्वारा संयुक्त रूप से कैंसर जागरूकता हेतु वॉकाथॉन एवं ‘रन फॉर कैंसर अवेयरनेस’ का आयोजन किया गया।
इस आयोजन का उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर पहचान (Early Diagnosis) और रोकथाम के महत्व को समाज तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन ब्रिगेडियर प्रफुल मोहन, कमांडेंट, मिलिट्री हॉस्पिटल, देहरादून एवं डॉ. पंकज गर्ग, विभागाध्यक्ष, ऑन्कोलॉजी विभाग, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
सशस्त्र बलों, डॉक्टरों और छात्रों की उल्लेखनीय भागीदारी
इस जनस्वास्थ्य पहल में 250 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों में सशस्त्र बलों के जवान, उनके परिजन, मिलिट्री हॉस्पिटल देहरादून के चिकित्सा एवं नर्सिंग अधिकारी तथा श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज के एमबीबीएस छात्र शामिल रहे। इस व्यापक सहभागिता ने कैंसर के प्रति जागरूकता और सामूहिक प्रयासों की मजबूत तस्वीर प्रस्तुत की।
कैंसर के मिथकों पर किया गया प्रहार
कार्यक्रम के दौरान डॉ. कनिका कपूर, कैंसर सर्जन, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कैंसर से जुड़े आम मिथकों को दूर किया और रोकथाम, समय पर जांच तथा वैज्ञानिक एवं प्रमाण-आधारित उपचार की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
आयोजन का सफल समन्वय
इस कार्यक्रम का कुशल समन्वय डॉ. कनिका कपूर एवं डॉ. पल्लवी कौल, कैंसर सर्जन, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल तथा कर्नल ए.डब्ल्यू. काशिफ एवं लेफ्टिनेंट कर्नल आलोक गुप्ता, मिलिट्री हॉस्पिटल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का सशक्त संचालन एनबी/सब बीएस देशवाल द्वारा किया गया, जिससे आयोजन सुचारु और प्रभावी रूप से संपन्न हुआ।
रन के विजेता
- पुरुष वर्ग: अग्निवीर लक्ष्य कुमार (10 डोगरा रेजीमेंट) – प्रथम स्थान
- महिला वर्ग: श्रीमती कांती देवी, पत्नी सूबेदार मेजर सबल सिंह (501 इंजीनियर रेजीमेंट) -प्रथम स्थान
- छात्र वर्ग: भव्यलीन, एमबीबीएस छात्र, एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज, देहरादून – प्रथम स्थान
स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान
कार्यक्रम की सफलता में डॉ. रचित आहूजा, डॉ. अजीत तिवारी, डॉ. दिव्या, डॉ. तेजा, डॉ. शाहनवाज़, डॉ. प्रिया, श्री संतोष, सुश्री अल्का, सुश्री शिवानी एवं सुश्री ऋतिका का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने स्वयंसेवक के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई।
चेयरमेन ने की पहल की सराहना
श्री महंत इंद्रेश अस्पताल के चेयरमेन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने इस कैंसर जागरूकता पहल की सराहना करते हुए ऑन्कोलॉजी विभाग के निरंतर प्रयासों की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



