क्राइम रिपोर्ट: उत्तराखंड में अपराध, हादसे और कार्रवाई। गोलीकांड से लेकर सड़क हादसे तक, कई जिलों में हड़कंप

उत्तराखंड में अपराध, हादसे और कार्रवाई। गोलीकांड से लेकर सड़क हादसे तक, कई जिलों में हड़कंप

देहरादून। उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों में शनिवार को अपराध, हादसे और प्रशासनिक कार्रवाइयों की कई बड़ी घटनाएं सामने आईं, जिससे प्रदेश में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या

देहरादून जिले के ऋषिकेश स्थित शिवाजी नगर गली नंबर-16 में घर में अकेली रह रही 32 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार रात करीब 9:30 बजे गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर फरार हो चुके थे और महिला खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजा गया। एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि एसओजी की मदद से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मृतका एम्स में आउटसोर्सिंग कर्मचारी थी और मूल रूप से यमकेश्वर की रहने वाली थी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

रुद्रपुर में कछुओं की तस्करी का भंडाफोड़

उधम सिंह नगर जिले के पुलभट्टा थाना क्षेत्र में पुलिस ने यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर से चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर 91 दुर्लभ प्रजाति के कछुए बरामद किए हैं। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी कछुओं को कासगंज से लाकर रुद्रपुर में सप्लाई करने वाले थे। बरामद कछुओं को वन विभाग के सुपुर्द कर जलाशय में छोड़ा गया है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

हरिद्वार में ई-कॉमर्स स्टोर पर छापेमारी

हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने पुराना रानीपुर मोड़ स्थित एक ई-कॉमर्स स्टोर पर छापेमारी की। जांच के दौरान फूड लाइसेंस, दस्तावेजों की कमी और गंदगी पाई गई।

खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर लैब भेजे गए हैं और कंपनी को तीन दिन में जवाब देने का नोटिस जारी किया गया है। वहीं लक्सर, खानपुर और भगवानपुर क्षेत्रों में भी डेयरी और मिठाई दुकानों पर कार्रवाई की गई।

मसूरी में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

मसूरी नगर पालिका परिषद ने माल रोड पर सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने कहा कि अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पालिका की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है, जबकि स्थानीय लोगों ने इसे शहर की सुंदरता बचाने की दिशा में जरूरी कदम बताया।

रुड़की में नाबालिग को वाहन देने पर पिता गिरफ्तार

हरिद्वार जिले के रुड़की में नाबालिग बेटे को वाहन चलाने देने के मामले में पिता तस्लीम खान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कोर्ट द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट के बाद यह कार्रवाई की गई।

मोटर वाहन संशोधन अधिनियम 2019 के तहत नाबालिग को वाहन चलाने देने पर तीन साल तक की सजा और 25 हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान है।

कोटद्वार में ‘बाबा दुकान’ विवाद पर तनाव

पौड़ी जिले के कोटद्वार में एक कपड़ों की दुकान के नाम को लेकर बजरंग दल और एक व्यापारी के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

पुलिस की मुस्तैदी से हालात काबू में रखे गए हैं और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत न देने की बात कही है।

अल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसा

अल्मोड़ा जिले के भैसियाछाना ब्लॉक क्षेत्र में स्कॉर्पियो वाहन करीब 30 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में दिल्ली से घूमने आए दंपति की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।