बिग ब्रेकिंग: हल्द्वानी तहसील में फर्जी स्थाई निवास प्रमाण पत्रों पर सख्ती, 115 प्रमाण पत्र निरस्त

हल्द्वानी तहसील में फर्जी स्थाई निवास प्रमाण पत्रों पर सख्ती, 115 प्रमाण पत्र निरस्त

हल्द्वानी। तहसील क्षेत्र में फर्जी स्थाई निवास प्रमाण पत्रों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। जांच अभियान के तहत अब तक लगभग 2000 प्रमाण पत्रों की स्कैनिंग की जा चुकी है, जिसमें 115 स्थाई निवास प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए, जिन्हें तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।

उप जिला अधिकारी राहुल शाह के नेतृत्व में पिछले पांच वर्षों में बनाए गए सभी स्थाई निवास प्रमाण पत्रों की गहन जांच की जा रही है।

प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि नियमों को दरकिनार कर गलत तरीके से प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए रिकॉर्ड मिलान और दस्तावेजों की स्कैनिंग की प्रक्रिया शुरू की गई।

जांच के दौरान कई मामलों में गलत पते, अपूर्ण अभिलेख और दस्तावेजों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके आधार पर प्रमाण पत्रों को अवैध घोषित किया गया।

एसडीएम ने बताया कि आज भी 25 नए प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए, जिन्हें निरस्त किया गया है। इस तरह अब तक कुल 115 प्रमाण पत्र रद्द किए जा चुके हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले कुमाऊं कमिश्नर के जनता दरबार में वनभूलपुरा क्षेत्र से संबंधित फर्जी प्रमाण पत्रों की शिकायत सामने आई थी।

इस पर कमिश्नर दीपक रावत ने संबंधित सीएचसी सेंटर में छापेमारी की थी, जहां कई अनियमितताएं पाई गई थीं। इसके बाद तहसील प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जनपद की सभी तहसीलों में पिछले पांच वर्षों में जारी प्रमाण पत्रों की जांच के आदेश दिए गए हैं। उसी क्रम में हल्द्वानी सहित पूरे जिले में यह अभियान जारी है।