Crime Report: देशभर में एक दिन, कई सनसनीखेज घटनाएं। एक क्लिक में पढ़ें….

देशभर में एक दिन, कई सनसनीखेज घटनाएं। एक क्लिक में पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड से लेकर महाराष्ट्र तक एक के बाद एक सामने आई गंभीर घटनाओं ने कानून-व्यवस्था, राजनीति और सामाजिक सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है।

कहीं सरकारी भूमि विवाद में खुलेआम गोलियां चलीं, तो कहीं नेताओं पर मारपीट और धमकी के आरोप लगे। सोशल मीडिया पर ‘फेम’ के लिए जान जोखिम में डालते युवा दिखे, जबकि पहाड़ों में करंट और हिंसा ने मासूम जिंदगियां छीन लीं।

हरिद्वार: प्रशासनिक जांच के दौरान फायरिंग, जिला पंचायत उपाध्यक्ष के भाई समेत दो घायल

कनखल थाना क्षेत्र के पंजनहेड़ी गांव में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की जांच के दौरान दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग हो गई।

घटना में हरिद्वार जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान के भाई सचिन चौहान और मामा कृष्णपाल गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया है।

आरोपी अतुल चौहान ने लाइसेंसी हथियार के साथ थाने में सरेंडर कर दिया। उसने वीडियो जारी कर गोली चलाने को आत्मरक्षा बताया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर जांच कर रही है।

हरिद्वार: पूर्व विधायक के बेटे पर अधिवक्ता से मारपीट और धमकी का आरोप

भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर के बेटे शिव प्रताप सिंह पर एक अधिवक्ता ने मारपीट, गाली-गलौच और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी ने आरोपों को राजनीतिक रंजिश बताया है।

ज्वालापुर: कांग्रेस विधायक पर पार्टी कार्यकर्ता को धमकाने का आरोप

ज्वालापुर से कांग्रेस विधायक रवि बहादुर पर पार्टी कार्यकर्ता जितेंद्र चौधरी को फोन पर धमकी देने का आरोप लगा है। ऑडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। विधायक ने आरोपों को साजिश करार दिया है।

महाराष्ट्र: डिप्टी सीएम अजित पवार के विमान को लेकर उड़ी अफवाहों से सनसनी

महाराष्ट्र में डिप्टी सीएम अजित पवार के चार्टर प्लेन से जुड़ी दुर्घटना की खबरों ने सोशल मीडिया पर हड़कंप मचा दिया। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। डीजीसीए द्वारा तथ्यों की जांच की जा रही है।

रुड़की: सोशल मीडिया ‘फेम’ के लिए पुल पर खतरनाक स्टंट

सालियर–मंगलौर बाईपास पर एक युवक ने ऊंचे पुल के गार्डर पर चढ़कर डांस किया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस युवक की तलाश में जुटी है। एसपी देहात ने इसे गंभीर अपराध बताते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

रुद्रपुर: कथित ऑडियो मामले में पूर्व विधायक पर मुकदमा

निकाय चुनाव के दौरान वायरल आपत्तिजनक ऑडियो प्रकरण में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बाद में उन्होंने पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। मामला सियासी रूप ले चुका है।

रुद्रप्रयाग: हाईटेंशन लाइन से करंट लगने पर महिला की मौत

गुप्तकाशी के मस्ता नाला क्षेत्र में पेड़ से चारा काटते समय करंट लगने से महिला की मौत हो गई। डीएम ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।

चमोली: स्कूली छात्रों पर सरिया से हमला

पीपलकोटी में स्कूल से लौट रहे दो छात्रों पर युवकों ने जानलेवा हमला किया। एक छात्र के सिर में गंभीर चोट आई है। तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है।

अल्मोड़ा: पर्यटकों पर गुंडागर्दी के आरोप, वीडियो वायरल

मॉल रोड पर कूड़ा फेंकने से रोकने पर हरियाणा नंबर की कार सवार पर्यटकों द्वारा अभद्रता और मारपीट के आरोप लगे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में रोष है।

हरिद्वार: टेंट गोदाम में भीषण आग

बैरागी कैंप क्षेत्र में टेंट गोदाम में लगी आग से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। चार दमकल वाहनों ने साढ़े तीन घंटे में आग पर काबू पाया।

रुड़की: चाय की दुकान में गैस सिलेंडर ब्लास्ट

रामपुर चुंगी में चाय की दुकान में गैस सिलेंडर फटने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण गैस रिसाव बताया गया है।