वेतन पर भारी खर्च, काम कम? नगर निगम में 56 आउटसोर्स कर्मचारियों की छुट्टी तय
देहरादून। नगर निगम देहरादून में आउटसोर्स कर्मचारियों को लेकर बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया गया है। कार्य मूल्यांकन और समीक्षा के बाद 56 आउटसोर्स कर्मचारियों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि कई कर्मचारी अनावश्यक रूप से वेतन पर रखे गए थे, जबकि कुछ कर्मचारी निगम के बजाय अन्य विभागों और स्थानों पर सेवाएं दे रहे थे।
363 आउटसोर्स कर्मचारी, समीक्षा में सामने आई गड़बड़ियां
जानकारी के अनुसार नगर निगम देहरादून में वर्तमान में कुल 363 आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें 140 सफाई कर्मचारी, जबकि शेष डाटा एंट्री ऑपरेटर और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल हैं।
समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि कुछ कर्मचारी नगर निगम के काम के बजाय अन्य कार्यालयों और निजी/राजनीतिक स्थानों पर तैनात थे।
कई विभागों से कर्मचारियों को हटाने की सूची तैयार
प्रशासन द्वारा तैयार की गई सूची के अनुसार-
- शासन में नियुक्त एक अधिकारी के आवास पर तैनात 1 कर्मचारी
- पूर्व नगर आयुक्त के आवास पर 1 कर्मचारी
- शहरी विकास निदेशालय में कार्यरत 7 कर्मचारी
- एक राजनीतिक दल के कार्यालय में तैनात 1 कर्मचारी
इसके अलावा
- लोक निर्माण अनुभाग से 12
- भूमि अनुभाग से 8
- रिकॉर्ड अनुभाग से 2
- फ्यूल स्टोर से 3
- जोनल कार्यालय से 5
- विधि अनुभाग से 2
- स्वास्थ्य अनुभाग से 2
- कर अनुभाग से 4
- वर्कशॉप से 4
- अन्य स्थानों से 11 कर्मचारी
को हटाने की तैयारी की गई है।
हर महीने 85 लाख रुपये वेतन पर खर्च
नगर निगम से अनुबंधित फर्म आरके एसोसिएट्स के माध्यम से तैनात आउटसोर्स कर्मचारियों को प्रतिमाह 12 हजार से 20 हजार रुपये तक वेतन दिया जाता है। नगर निगम द्वारा हर महीने आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन पर करीब 85 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
पहले भी हो चुकी है छंटनी की कोशिश
गौरतलब है कि करीब डेढ़ साल पहले भी नगर निगम में 90 से अधिक आउटसोर्स कर्मचारियों को हटाने की तैयारी की गई थी, लेकिन उस समय राजनीतिक दबाव के चलते मामला आगे नहीं बढ़ पाया था।
स्थायी पद खाली, जरूरत वाले विभागों में स्टाफ की कमी
नगर निगम के कई अहम विभागों में अभी भी स्थायी पद खाली हैं।
- लोक निर्माण अनुभाग में अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता के पद रिक्त हैं।
- भूमि अनुभाग में पटवारी के पद खाली हैं।
- स्वास्थ्य विभाग में ढांचे के अनुसार सफाई निरीक्षक पर्याप्त नहीं हैं।
- कर अनुभाग में टैक्स इंस्पेक्टर की कमी बनी हुई है।
नगर आयुक्त ने दी सफाई
नगर आयुक्त नमामि बंसल ने बताया कि पिछले एक वर्ष में नगर निगम द्वारा शहर में कई नए पार्कों का निर्माण किया गया है, जिनके रखरखाव के लिए कर्मचारियों की आवश्यकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों की वास्तविक जरूरत का आकलन किया गया है।
उन्होंने बताया कि सभी अनुभागों से रिपोर्ट लेकर यह तय किया गया है कि जहां आवश्यकता नहीं है, वहां से कर्मचारियों को हटाकर, जरूरत वाले स्थानों पर भर्ती की जाएगी।



