बड़ी खबर: देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया

देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया

  • सीएम आवास से लेकर विधानसभा, परेड ग्राउंड, पुलिस मुख्यालय, राजनीतिक दलों और मदरसों तक फहराया गया तिरंगा

देहरादून। देशभर के साथ उत्तराखंड में भी 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के सभी जिलों में सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, पुलिस मुख्यालय, राजनीतिक दलों के दफ्तरों और धार्मिक स्थलों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस वर्ष राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने का ऐतिहासिक अवसर भी गणतंत्र दिवस समारोह के साथ जुड़ा रहा।

मुख्यमंत्री आवास और लोकभवन में ध्वजारोहण
सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और अधिकारियों-कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई।

इसके बाद 9:30 बजे लोकभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने तिरंगा फहराया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, संविधान निर्माताओं और राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया।

उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे के लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देता है।

राज्यपाल बोले, भारत तेजी से बढ़ती वैश्विक शक्ति
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत डिजिटल अर्थव्यवस्था, स्टार्टअप, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष तकनीक, हरित ऊर्जा और आत्मनिर्भर भारत जैसे क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

यूसीसी पर राज्यपाल का बड़ा बयान

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड ने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर संविधान निर्माताओं की भावना को साकार किया है। यूसीसी के माध्यम से महिलाओं को समान अधिकार, सुरक्षा और न्याय मिला है, जिससे महिला सशक्तीकरण को नई संवैधानिक मजबूती प्राप्त हुई है।

विकसित भारत और उत्तराखंड दशक का संकल्प
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने 21वीं सदी के तीसरे दशक को ‘उत्तराखंड का दशक’ बताते हुए प्रदेश के सर्वांगीण विकास का आह्वान किया।

विधानसभा, परेड ग्राउंड और पुलिस मुख्यालय में आयोजन

  • विधानसभा भवन में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने ध्वजारोहण कर राज्य की 25 वर्षों की विकास यात्रा और उपलब्धियों को साझा किया।
  • देहरादून परेड ग्राउंड में भव्य गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री और राज्यपाल शामिल हुए।
  • पुलिस मुख्यालय में डीजीपी दीपम सेठ ने ध्वजारोहण कर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाई तथा उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया।

भाजपा और कांग्रेस कार्यालयों में भी फहराया गया तिरंगा

भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झंडारोहण किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक खजान दास सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं CWC सदस्य करन महारा ने ध्वजारोहण किया और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

मदरसे और मस्जिदों में दिखी राष्ट्रभक्ति

उत्तराखंड वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स ने बताया कि प्रदेश के मदरसों और मस्जिदों में भी गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराया गया। देहरादून के माजरा स्थित मदरसा जामिया-उल-उलूम में बच्चों ने भारत माता के जयकारे लगाए, जिससे राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया।