बिग ब्रेकिंग: UKSSSC की LT विशेष शिक्षा शिक्षक परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न, 59.66% अभ्यर्थी रहे उपस्थित

UKSSSC की LT विशेष शिक्षा शिक्षक परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न, 59.66% अभ्यर्थी रहे उपस्थित

देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या-73/उ०अ०से०च०आ०/2025 (दिनांक 12 सितंबर 2025) के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक एलटी (विशेष शिक्षा शिक्षक) के 128 रिक्त पदों के लिए लिखित परीक्षा रविवार को शांतिपूर्वक आयोजित की गई।

यह परीक्षा 25 जनवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक देहरादून जनपद स्थित एकमात्र परीक्षा केंद्र श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, पुलिस लाइन रेसकोर्स के समीप आयोजित की गई।

आयोग के अनुसार, परीक्षा के लिए कुल 657 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 392 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इस प्रकार कुल उपस्थिति 59.66 प्रतिशत रही।

परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए आयोग द्वारा कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए। परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर पुलिस द्वारा अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा कक्षों के साथ-साथ शौचालयों में भी जैमर की व्यवस्था की गई थी।

प्रश्न-पत्रों एवं उत्तर पुस्तिकाओं का आवागमन जिला प्रशासन द्वारा नामित मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिस सुरक्षा के साथ कोषागार से कराया गया। आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।

उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने परीक्षा के सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन, केंद्र अधीक्षक, पुलिस, होमगार्ड, सेवा प्रदाताओं एवं आयोग प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग की अपेक्षा जताई है।