SGRR पब्लिक स्कूल बिंदाल बना उत्तराखंड का पहला रिलायंस जियो ‘एआई रेडी सर्टिफाइड स्कूल’
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय एवं रिलायंस जियो के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई है। श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बिंदाल उत्तराखंड का पहला ऐसा स्कूल बन गया है।
जहां एक साथ 100 से अधिक विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। इस उपलब्धि के साथ स्कूल को ‘रिलायंस जियो एआई रेडी सर्टिफाइड स्कूल’ का दर्जा प्राप्त हुआ है।
एआई कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद विद्यार्थियों को यह प्रमाणपत्र रिलायंस जियो की ओर से प्रदान किए गए हैं। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय द्वारा पहले स्कूली शिक्षा और उसके बाद उच्च शिक्षा के स्तर पर विद्यार्थियों को एआई-इनेबल्ड बनाने की यह एक सशक्त पहल है।
विश्वविद्यालय का उद्देश्य एसजीआरआर ग्रुप के अंतर्गत संचालित सभी शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना है।
इस उपलब्धि पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भविष्य की शिक्षा तकनीक आधारित होगी और एआई उसमें निर्णायक भूमिका निभाएगा।
अब तक एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, बिंदाल के 500 से अधिक छात्र-छात्राएं इस एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम में पंजीकृत हो चुके हैं। प्रशिक्षण जियो यूनिवर्सिटी के अनुभवी एआई प्रोफेशनलों द्वारा दिया जा रहा है।
खुले बाजार में इस कोर्स की कीमत लगभग 15 हजार रुपये है, लेकिन रिलायंस जियो इंफोकॉम द्वारा यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों को पूरी तरह निःशुल्क प्रदान किया जा रहा है। कोर्स पूर्ण होने के बाद स्कूल को ‘एआई रेडी स्कूल’ का आधिकारिक प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत गूगल जेमिनाई एआई के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को निःशुल्क एआई प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही रिलायंस जियो इंफोकॉम द्वारा प्रत्येक जियो ग्राहक को गूगल जेमिनाई एआई टूल 18 माह के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 35,100 रुपये बताई जा रही है।
इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में एसजीआरआर पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य श्रीमती गरिमा शर्मा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही।
उन्होंने प्रशिक्षण के पहले ही दिन 40 से अधिक शिक्षकों को इस एआई ट्रेनिंग कार्यक्रम से जोड़ा, जिससे शिक्षक भी आधुनिक तकनीक से परिचित हो सकें और विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन दे सकें।
रिलायंस जियो इंफोकॉम उत्तराखंड के जनरल मैनेजर श्री सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि इस मुहिम की शुरुआत दिसंबर माह में की गई थी और अब तक देशभर के 10 हजार से अधिक स्कूलों को इस अभियान से जोड़ा जा चुका है। लक्ष्य है कि आने वाले समय में देश का प्रत्येक स्कूल एआई-इनेबल्ड बने।
चार सप्ताह के इस एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्कूल की कंप्यूटर लैब में प्रैक्टिकल प्रशिक्षण दिया जाता है, जबकि विद्यार्थी घर से ऑनलाइन क्विज के माध्यम से भी अभ्यास कर सकते हैं।
कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राएं इस कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं। एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, बिंदाल की यह पहल न केवल देहरादून बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए भविष्य की शिक्षा की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम मानी जा रही है।



