भ्रष्टाचार पर प्रहार, रिश्वतखोर अमीन गिरफ्तार
उत्तरकाशी। विजिलेंस टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए टीका राम नौटियाल, अमीन (प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, भटवाड़ी कैंप कार्यालय) को सड़क निर्माण में कटान हुई भूमि के मुआवजे की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में ₹10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने विजिलेंस विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि अमीन द्वारा मुआवजे की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत का विधिवत सत्यापन किए जाने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते समय मौके पर ही पकड़ लिया।
विजिलेंस विभाग ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



