उत्तराखण्ड PCS-2025 की मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन शुरू, ऐसे करें आवेदन
रिपोर्ट- मीनाक्षी सिंह गौर
देहरादून। उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल / प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2025 (PCS-2025) की प्रारम्भिक परीक्षा का संशोधित परिणाम घोषित होने के बाद अब मुख्य परीक्षा की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन, परीक्षा शुल्क जमा करने और परीक्षा नगर के चयन को लेकर विस्तृत सूचना जारी की है।
आयोग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, विज्ञापन संख्या A-1/E-1/PCS-2025/2025-26 के तहत कुल 123 पदों के सापेक्ष आयोजित प्रारम्भिक परीक्षा का संशोधित परिणाम 6 जनवरी 2026 को घोषित किया गया था।
इस संशोधित परिणाम में 50 नए अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। साथ ही वे अभ्यर्थी भी शामिल हैं, जिनका पहले मुख्य परीक्षा शुल्क न जमा करने के कारण अभ्यर्थन निरस्त हो गया था और जो संशोधित परिणाम में पुनः सफल घोषित हुए हैं।
अप्रैल 2026 में होगी मुख्य परीक्षा
PCS-2025 की मुख्य परीक्षा अप्रैल 2026 में हरिद्वार और हल्द्वानी नगरों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए सफल अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.uk.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा, परीक्षा शुल्क जमा करना होगा और परीक्षा नगर का विकल्प चुनना होगा।
महत्वपूर्ण तिथियां
- आवेदन एवं शुल्क जमा करने की शुरुआत: 22 जनवरी 2026
- अंतिम तिथि: 5 फरवरी 2026
निर्धारित तिथि तक शुल्क जमा न करने वाले अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन स्वतः निरस्त कर दिया जाएगा।
परीक्षा नगर विकल्प
अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए दो नगरों में से किसी एक का चयन कर सकते हैं:-
- हरिद्वार (कोड-01)
- हल्द्वानी (कोड-02)
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र निर्धारित होने के बाद किसी भी प्रकार के परिवर्तन के अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
श्रेणीवार परीक्षा शुल्क
- अनारक्षित वर्ग: ₹266.36
- OBC (उत्तराखण्ड): ₹166.36
- SC/ST (उत्तराखण्ड): ₹116.36
- EWS: ₹166.36
- दिव्यांग अभ्यर्थी: ₹16.36
- राजकीय/स्वैच्छिक गृहों में निवासरत अनाथ बच्चे: शुल्क मुक्त
दस्तावेज बाद में जमा होंगे
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा के इस चरण में अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के शैक्षणिक या आरक्षण संबंधी प्रमाण पत्र जमा करने की आवश्यकता नहीं है।
साक्षात्कार के लिए चयनित अभ्यर्थियों से बाद में ऑनलाइन आवेदन की प्रिंटआउट प्रति सहित सभी आवश्यक दस्तावेज मांगे जाएंगे।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और अपने ऑनलाइन आवेदन की प्रति सुरक्षित रखें।



