देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन आज पटरी पर, पीएम मोदी मालदा से दिखाएंगे हरी झंडी
नई दिल्ली। भारतीय रेल के इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन रेलवे स्टेशन से इस ऐतिहासिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं, 18 जनवरी से हावड़ा–कामाख्या (गुवाहाटी) के बीच इसकी नियमित सेवा शुरू हो जाएगी।
अब तक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें केवल चेयरकार सुविधा के साथ संचालित हो रही थीं, लेकिन लंबी दूरी के यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने पहली बार स्लीपर वर्जन शुरू किया है। इससे रात की यात्राएं अब अधिक आरामदायक और सुविधाजनक होंगी।
ऐसी है देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में आधुनिक तकनीक और भारतीय सांस्कृतिक विरासत का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। ट्रेन का इंटीरियर भारतीय परंपरा से प्रेरित है, जबकि सुविधाएं पूरी तरह अत्याधुनिक हैं।
ट्रेन में उपलब्ध कोच श्रेणियां:-
- एसी फर्स्ट क्लास (AC-1)
- एसी सेकेंड क्लास (AC-2)
- एसी थर्ड क्लास (AC-3)
- स्लीपर क्लास
सुरक्षा और सुविधाओं की प्रमुख विशेषताएं
- ‘कवच’ ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम
- इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट
- कीटाणुनाशक तकनीक से युक्त उन्नत सैनिटेशन सिस्टम
- लोको पायलट के केबिन में एडवांस कंट्रोल और सुरक्षा सिस्टम
- एरोडायनामिक डिजाइन, जिससे ट्रेन अधिक तेज और स्मूथ चलेगी
- ऑटोमैटिक दरवाजे, जो स्टेशन पर स्वतः खुलेंगे और बंद होंगे
रेलवे के अनुसार यह ट्रेन सुरक्षा, रफ्तार और आराम तीनों में नए मानक स्थापित करेगी।
भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत को भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच यात्रा न केवल आसान होगी, बल्कि यात्रियों को विश्वस्तरीय रेल यात्रा का अनुभव भी मिलेगा।



