उत्तराखंड में घना कोहरा व शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट। इन जिलों के स्कूलों में छुट्टी आज
- हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर में कक्षा 1–12 तक स्कूल बंद, नैनीताल के मैदानी क्षेत्रों में प्राथमिक विद्यालयों में अवकाश
देहरादून। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार 16 जनवरी 2026 को उत्तराखंड के हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर सहित अन्य मैदानी क्षेत्रों में घना से बहुत घना कोहरा और शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। इसे देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।
मौसम विभाग के अनुसार मैदानी इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं पर्वतीय जनपदों उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश तथा ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
हरिद्वार में कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल बंद
भारत मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जनपद के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों (नर्सरी से कक्षा 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 16 जनवरी 2026 को अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए हैं।
हालांकि विद्यालय प्रबंधन आवश्यकता अनुसार ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण कार्य संचालित कर सकते हैं। बोर्ड परीक्षाओं की प्रयोगात्मक परीक्षाएं एवं प्री-बोर्ड परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी।
जिलाधिकारी ने आदेश के कड़ाई से अनुपालन के निर्देश देते हुए कहा कि उल्लंघन की स्थिति में आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू है।
ऊधम सिंह नगर में भी अवकाश
ऊधम सिंह नगर जनपद में भी कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 16 जनवरी को अवकाश घोषित किया गया है।
नैनीताल के मैदानी क्षेत्रों में दो दिन की छुट्टी
नैनीताल जनपद के भाबर क्षेत्र (हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढुंगी, रामनगर) में घने कोहरे और शीतलहर को देखते हुए प्राथमिक विद्यालयों (कक्षा 1 से 5) तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 16 व 17 जनवरी 2026 को दो दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।



