11वीं के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार में मातम
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की टिहरी विस्थापित कॉलोनी में 11वीं कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में शोक की लहर फैल गई। 17 वर्षीय किशोर का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। परिजनों के अनुसार, बुधवार रात किशोर खाना खाने के बाद अपने कमरे में पढ़ाई करने गया था।
बताया गया कि वह रात करीब तीन बजे तक किसी से फोन पर बातचीत करता रहा। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो गए।
गुरुवार सुबह जब उसकी मां उसे देखने कमरे में पहुंचीं, तो उन्होंने बेटे को फंदे से लटका हुआ पाया। यह दृश्य देखते ही मां बदहवास हो गईं और परिवार में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक परिवार का इकलौता पुत्र था। उसके पिता फरीदाबाद में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने उन्हें घटना की जानकारी दे दी है। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे मोहल्ले में मातम का माहौल है।
सूचना मिलने पर रानीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कमरे की तलाशी ली गई, हालांकि मौके से कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस प्रारंभिक जांच में मामले को आत्महत्या के एंगल से देख रही है, लेकिन अभी तक घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
रानीपुर कोतवाली के एसएसआई नितिन चौहान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।



