क्राइम: देहरादून में अवैध मजार ध्वस्त, रुड़की में फायरिंग से मचा हड़कंप

देहरादून में अवैध मजार ध्वस्त, रुड़की में फायरिंग से मचा हड़कंप

देहरादून। उत्तराखंड में एक ओर सरकार अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं ने प्रशासन की चुनौती बढ़ा दी है।

प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से सामने आई इन दो बड़ी घटनाओं ने राज्य की सियासी और प्रशासनिक हलचल को तेज कर दिया है।

देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासन ने सरकारी भूमि पर बने अवैध ढांचों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।

इसी क्रम में बीती रात नगर प्रशासन, एमडीडीए और नगर निगम की संयुक्त टीम ने घंटाघर के पास एचएनबी कॉम्प्लेक्स में बनी अवैध मजार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर पहले संरचना का सर्वे कराया गया था और भूमि व निर्माण से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया, लेकिन वैध कागजात नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई।

प्रशासन के अनुसार अब तक प्रदेश में सरकारी भूमि पर बनी 573 अवैध मजारें हटाई जा चुकी हैं और करीब 11 हजार एकड़ भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

वहीं, हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित भगवानपुर कस्बे में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक फाइनेंस कारोबारी आदी राणा पर तमंचे से गोली चला दी।

हालांकि गोली कारोबारी को नहीं लगी, लेकिन दीवार से टकराकर उसके छर्रे पास में पानी पी रहे युवक भूरा की कमर में जा घुसे, जिससे वह घायल हो गया।

घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। भगवानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी की जाएगी।