वीडियो: किसकी शह पर चल रहा अवैध खनन? किच्छा में बिना अनुमति गोला नदी का सीना छलनी

किसकी शह पर चल रहा अवैध खनन? किच्छा में बिना अनुमति गोला नदी का सीना छलनी

रिपोर्ट- दिलीप अरोरा
किच्छा तहसील क्षेत्र में बिना अनुमति हो रहे अवैध खनन की तस्वीरें सामने आने के बाद प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

चर्चाओं के मुताबिक, यह अवैध खनन खुलेआम और बिना किसी वैधानिक अनुमति के किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।

देखें वीडियो:-

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस अवैध खनन के जरिए न केवल उपखनिज की खुलेआम चोरी की जा रही है, बल्कि इसके चलते आसपास के किसानों की भूमि और गोला नदी की प्राकृतिक संरचना को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है।

जानकारों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो आने वाले समय में यह क्षेत्र के कई गांवों के लिए गंभीर आपदा और तबाही का कारण बन सकता है।

शांतिपुरी 4 और 5 के बीच गोला नदी में अवैध खनन

फिलहाल अवैध खनन की गतिविधियां सितारगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सूर्यनगर शांतिपुरी नंबर–5 और किच्छा विधानसभा क्षेत्र के शांतिपुरी नंबर–4 के बीच बहने वाली गोला नदी में की जा रही हैं।

यह इलाका अत्यंत संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि नदी के दोनों किनारों पर हजारों की आबादी निवास करती है। नदी की धारा और संरचना में किसी भी तरह का बदलाव सीधे तौर पर इन आबादियों को खतरे में डाल सकता है।

भूगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से भी यह क्षेत्र बेहद महत्वपूर्ण है, ऐसे में बिना अनुमति किया जा रहा खनन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि जनसुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।

शिकायत की तैयारी में सामाजिक कार्यकर्ता

सूत्रों के अनुसार, स्थानीय निवासियों और पर्यावरण प्रेमियों में इस मुद्दे को लेकर भारी आक्रोश है। जल्द ही सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों द्वारा उपजिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की जा सकती है।

अब बड़ा सवाल यही है कि बिना प्रशासनिक संरक्षण के क्या इतने बड़े पैमाने पर अवैध खनन संभव है, या फिर इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं?