उर्मिला सनावर जांच में हुईं शामिल, सुरेश राठौड़ से बातचीत की ऑडियो क्लिप पुलिस को सौंपी
रिपोर्ट- अमित भट्ट
देहरादून। थाना नेहरू कॉलोनी और थाना डालनवाला में दर्ज अभियोगों के संबंध में उर्मिला सनावर बुधवार को जांच में उपस्थित हुईं। पुलिस द्वारा पूर्व में जारी नोटिस के अनुपालन में उन्होंने जांच अधिकारियों के समक्ष पेश होकर अपने बयान दर्ज कराए।
यह भी देखें:-
विवेचना की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उर्मिला सनावर के बयान ऑडियो और वीडियो माध्यम से रिकॉर्ड किए गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह रिकॉर्डिंग आगे की जांच के दौरान साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखी जाएगी।
जांच के दौरान उर्मिला सनावर ने सुरेश राठौड़ के साथ हुई बातचीत की एक ऑडियो क्लिप विवेचकों को सौंपी। पुलिस ने बताया कि उक्त ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता की जांच के लिए उसे विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) भेजा जाएगा।
विवेचकों ने सोशल मीडिया पर प्रसारित उन दावों को लेकर भी पूछताछ की, जिनमें उर्मिला सनावर द्वारा अन्य साक्ष्य सौंपे जाने की बात कही जा रही थी। पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान कोई अतिरिक्त साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया।
उर्मिला सनावर ने अपनी सुरक्षा को लेकर एसएसपी देहरादून के आवास कार्यालय में प्रार्थना पत्र भी सौंपा है। इस पर एसएसपी देहरादून ने एलआईयू (LIU) से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर जांच निष्पक्ष और विधिसम्मत तरीके से आगे बढ़ाई जाएगी। सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।



