अधिवक्ता सिद्धार्थ साह ने उत्तराखंड हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में ली शपथ
नैनीताल स्थित उत्तराखंड उच्च न्यायालय में गुरुवार को अधिवक्ता सिद्धार्थ साह ने अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। उन्हें मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी. नरेंद्र ने शपथ दिलाई। इसके साथ ही हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की कुल संख्या 10 हो गई है।
शपथ ग्रहण समारोह मुख्य न्यायाधीश के न्यायालय कक्ष में आयोजित किया गया। इस अवसर पर रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता ने राष्ट्रपति के हस्ताक्षरों से जारी नियुक्ति वारंट का पाठ किया, जिसके बाद न्यायमूर्ति जी. नरेंद्र ने सिद्धार्थ साह को उत्तराखंड हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई।
समारोह में न्यायिक व विधि जगत की प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज तिवारी, न्यायमूर्ति रविन्द्र मैठाणी, न्यायमूर्ति आलोक वर्मा, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित, न्यायमूर्ति आशीष नैथानी, न्यायमूर्ति आलोक मेहरा और न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय उपस्थित रहे।
इसके साथ ही महाधिवक्ता एस. एन. बाबुलकर, मुख्य स्थायी अधिवक्ता सी. एस. रावत, बार एसोसिएशन अध्यक्ष डी. सी. एस. रावत, महासचिव सौरभ अधिकारी, बार काउंसिल सदस्य डी. के. शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता अवतार सिंह रावत एवं एम. सी. कांडपाल भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता, सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजेश टंडन, न्यायमूर्ति बी. एस. वर्मा और न्यायमूर्ति शरद शर्मा उपस्थित थे।
इसके अलावा न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह के पिता वरिष्ठ अधिवक्ता एम. एल. साह, वरिष्ठ पत्रकार राजीव लोचन साह, पद्मश्री अनूप साह सहित उनका परिवार, रिश्तेदार तथा पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।
शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं मुख्य न्यायाधीश जी. नरेंद्र
गौरतलब है कि उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुहानाथन नरेंद्र शुक्रवार, 9 जनवरी को अपने पद से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उन्होंने 26 दिसंबर 2024 को उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार संभाला था।
न्यायमूर्ति जी. नरेंद्र का व्यक्तित्व न्यायिक क्षेत्र के साथ-साथ खेलों में भी उल्लेखनीय रहा है। वे अपने छात्र जीवन में एक उत्कृष्ट एनसीसी कैडेट रहे और सर्वश्रेष्ठ कैडेट के रूप में सम्मानित किए गए थे। इसके अलावा उन्होंने जूडो राज्य चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक भी जीता है।



