Weather: उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज। कई जिलों में बारिश-बर्फबारी, मैदानी इलाकों में घना कोहरा, येलो अलर्ट जारी

उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज। कई जिलों में बारिश-बर्फबारी, मैदानी इलाकों में घना कोहरा, येलो अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी कर सतर्क रहने की अपील की है।

देहरादून मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। वहीं 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।

शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी, चंपावत, देहरादून और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। पर्वतीय जिलों में पाला पड़ने की भी आशंका जताई गई है।

राजधानी देहरादून में हल्के से मध्यम कोहरे के साथ अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

नैनीताल जिले में घना कोहरा

नैनीताल के मैदानी क्षेत्रों में सुबह से घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। दृश्यता घटकर करीब 50 मीटर तक रह गई है, जिसके चलते वाहन चालकों को खासी सतर्कता बरतनी पड़ रही है।

तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ गई है और दफ्तर जाने वाले लोगों, स्कूली बच्चों व सुबह की सैर पर निकलने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

केदारनाथ धाम में लगातार बर्फबारी

रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ धाम में एक जनवरी से जारी बर्फबारी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दोपहर बाद एक बार फिर तेज बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे कड़ाके की ठंड बढ़ गई है।

तापमान रात में माइनस दस डिग्री तक जा रहा है, जबकि दिन में भी 3-4 डिग्री सेल्सियस ही रह पा रहा है। लगातार बर्फबारी के चलते धाम में चल रहे पुनर्निर्माण और अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

पुनर्निर्माण कार्यों की निगरानी कर रहे अधिकारियों के अनुसार मौसम खराब होने से कई मजदूरों को काम रोकना पड़ा है और कुछ मजदूर सोनप्रयाग लौटने लगे हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।

कुल मिलाकर प्रदेश में बारिश, बर्फबारी, कोहरा और पाले के चलते ठंड का असर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।