हत्या के आरोप में BJP पार्षद गिरफ्तार, पार्टी से निष्कासित
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बीजेपी पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी पार्षद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने भी पार्षद को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
घटना 4 जनवरी की देर रात हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गायत्री होटल के पास की है। मृतक की पहचान नितिन लोहनी (22 वर्ष) निवासी जज फार्म हल्द्वानी के रूप में हुई है।
कैसे हुई वारदात
मृतक के भाई पीयूष लोहनी द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, नितिन लोहनी अपने दोस्त कमल भंडारी के साथ गौला पार गया हुआ था। देर रात घर लौटते समय नितिन ने कमल से कहा कि उसका दोस्त जय, पार्षद का बेटा है और उससे मिलकर चलते हैं।
प्रत्यक्षदर्शी कमल भंडारी के अनुसार, जैसे ही उन्होंने जय के घर की डोर बेल बजाई, कुछ देर बाद उसके पिता पार्षद अमित बिष्ट हाथ में बंदूक लेकर बालकनी में आए और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर पार्षद और अधिक उत्तेजित हो गया और कथित तौर पर फायरिंग कर दी। गोली नितिन लोहनी को लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी ने खुद को बताया था पीड़ित
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी पार्षद ने खुद को पीड़ित बताते हुए पुलिस को फोन किया था। उसने दावा किया था कि देर रात दो लोग उसके घर आए और फायरिंग की, जिसके जवाब में उसने भी गोली चलाई, जिसमें एक युवक के पैर में गोली लगी। हालांकि, जांच में यह दावा गलत पाया गया।
हत्या का मुकदमा दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पार्षद के खिलाफ धारा 103(1) और 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। देर रात से हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद सोमवार को उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
मनोज कत्याल, एसपी सिटी ने बताया, “युवक की हत्या के मामले में आरोपी पार्षद को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
BJP ने की सख्त कार्रवाई
मामले के सामने आने के बाद भाजपा ने भी सख्त रुख अपनाया है। 5 जनवरी की देर शाम भाजपा के नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने पत्र जारी कर हत्या के आरोप में गिरफ्तार पार्षद अमित बिष्ट को पार्टी से निष्कासित कर दिया।



