क्राइम: हरकी पैड़ी पर श्रद्धालु की मौत, 112 के दुरुपयोग पर चालान और मिलावट पर ₹7.90 लाख की चोट

हरकी पैड़ी पर श्रद्धालु की मौत, 112 के दुरुपयोग पर चालान और मिलावट पर ₹7.90 लाख की चोट

उत्तराखंड में शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस की सख़्ती के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता भी देखने को मिली। एक ओर हरिद्वार की हरकी पैड़ी पर गंगा आरती के दौरान गुजरात से आए श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।

वहीं दूसरी ओर हल्द्वानी में डायल 112 का दुरुपयोग करने वाले रोडवेज चालक पर कार्रवाई हुई और नैनीताल जनपद में जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों पर भारी जुर्माना लगाया गया।

हरकी पैड़ी पर गंगा आरती के दौरान श्रद्धालु की मौत

हरिद्वार के हरकी पैड़ी घाट पर सायंकालीन गंगा आरती के दौरान गुजरात निवासी जगदीश भाई गोकाणी की अचानक तबीयत बिगड़ गई।

वे बेहोश होकर गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर हरकी पैड़ी चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है और परिजनों के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

डायल 112 को गुमराह करना पड़ा महंगा

हल्द्वानी में आपातकालीन सेवा डायल 112 पर झूठी लूट की सूचना देना रोडवेज बस चालक को भारी पड़ गया। जांच में मामला झूठा पाए जाने पर पुलिस ने बस चालक ब्रज किशोर पर ₹5000 का चालान किया।

वहीं, सड़क पर हुए विवाद और मारपीट के मामले में ऑल्टो चालक समेत दो लोगों पर पुलिस एक्ट में कार्रवाई कर वाहन को सीज कर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आपात सेवाओं का दुरुपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ पर प्रशासन का बड़ा प्रहार

नैनीताल, हल्द्वानी और रामनगर क्षेत्र में प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 खाद्य कारोबारियों पर कुल ₹7.90 लाख का जुर्माना लगाया।

यह कार्रवाई बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार, खुले में मांस व दुग्ध उत्पादों की बिक्री, गंदगी, कीट-मक्खियों से सुरक्षा के अभाव और अधोमानक खाद्य सामग्री के मामलों में की गई।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने साफ किया कि जनता की सेहत से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।