उत्तराखंड पुलिस के 229 मुख्य आरक्षी एएसआई बने, 25 महिलाएं शामिल
- 2025 में रिकॉर्ड 1060 पदोन्नतियां, पुलिस महकमे के लिए ऐतिहासिक वर्ष
देहरादून। नववर्ष 2026 उत्तराखण्ड पुलिस के जवानों के लिए खुशखबरी लेकर आया है। पुलिस मुख्यालय ने नागरिक पुलिस के 229 मुख्य आरक्षियों को अपर उपनिरीक्षक (ASI) के पद पर पदोन्नत किया है। इनमें 25 महिला मुख्य आरक्षी भी शामिल हैं, जो पुलिस बल में महिलाओं की सशक्त भागीदारी को दर्शाता है।
पुलिस विभाग के लिए वर्ष 2025 पदोन्नतियों के लिहाज से ऐतिहासिक साबित हुआ। इस दौरान मुख्य आरक्षी से लेकर निरीक्षक स्तर तक रिकॉर्ड 958 पदोन्नतियां की गईं, जबकि विभिन्न संवर्गों में कुल 1060 अधिकारियों व कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला।
वर्ष 2025 में हुई प्रमुख पदोन्नतियां
- निरीक्षक – 150
- उपनिरीक्षक – 92
- अपर/सहायक उपनिरीक्षक – 385
- मुख्य आरक्षी – 331
वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर पदोन्नतियां
- अपर पुलिस अधीक्षक (विशेष श्रेणी) – 05
- अपर पुलिस अधीक्षक (श्रेणी-01) – 10
- अपर पुलिस अधीक्षक (श्रेणी-02) – 28
- पुलिस उपाधीक्षक (ज्येष्ठ वेतनमान) – 18
- पुलिस उपाधीक्षक (कनिष्ठ वेतनमान) – 33
- अपर पुलिस अधीक्षक, दूरसंचार – 02
- पुलिस उपाधीक्षक, दूरसंचार – 03
- मुख्य अग्निशमन अधिकारी – 03
उत्तराखण्ड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने पदोन्नत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि समयबद्ध और पारदर्शी पदोन्नति प्रक्रिया से पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ता है, जिससे वे अधिक ऊर्जा, समर्पण और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं।
डीजीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस मुख्यालय भविष्य में भी कर्मियों के कल्याण और पारदर्शिता के साथ समय पर पदोन्नति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेगा।

