बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड का कहर, पहाड़ों में बर्फबारी के आसार, मैदानी इलाकों में घना कोहरा। अलर्ट जारी

उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड का कहर, पहाड़ों में बर्फबारी के आसार, मैदानी इलाकों में घना कोहरा। अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों पहाड़ से लेकर मैदान तक हाड़कंपा देने वाली ठंड का प्रकोप जारी है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

पर्वतीय जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहता है, जबकि दिन में धूप खिलने से कुछ राहत मिल रही है। वहीं मैदानी इलाकों में कोहरे की मोटी चादर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह और शाम लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। प्रदेश के शेष जिलों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।

शीत दिवस को लेकर ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून और पौड़ी जनपदों के मैदानी क्षेत्रों में शीत दिवस की स्थिति की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

देहरादून का मौसम

राजधानी देहरादून में आज आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, हालांकि आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के समय घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। अधिकतम तापमान लगभग 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 08 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

कोहरे से विजिबिलिटी शून्य, हाईवे पर रेंगते वाहन

कड़ाके की ठंड का असर सिर्फ पहाड़ी इलाकों तक सीमित नहीं है। हाल ही में गंगोत्री धाम क्षेत्र में तापमान गिरने से नदी-नाले और झरने जमने की तस्वीरें सामने आई थीं।

वहीं मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई है। हाईवे पर वाहन रेंगते हुए चल रहे हैं और चालक लाइट जलाकर सफर करने को मजबूर हैं।