उत्तराखंड में घना कोहरा, मौसम बदलने के संकेत।
6 जिलों में येलो अलर्ट जारी
देहरादून। उत्तराखंड में दिसंबर की ठंड अब पूरे असर में दिखाई देने लगी है। कड़ाके की ठंड के साथ-साथ घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के 6 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। शुष्क मौसम के चलते मैदानी इलाकों में कोहरा अब जानलेवा साबित हो रहा है।
शुक्रवार को कम दृश्यता के कारण प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। कोहरे का असर सड़क यातायात के साथ-साथ हवाई और रेल सेवाओं पर भी साफ नजर आ रहा है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश में दर्ज हुआ तापमान
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को
- देहरादून: अधिकतम 22.2°C, न्यूनतम 7.3°C
- उधम सिंह नगर: अधिकतम 14.3°C, न्यूनतम 6.8°C
- मुक्तेश्वर: अधिकतम 21.0°C, न्यूनतम 6.3°C
- नई टिहरी: अधिकतम 18.0°C, न्यूनतम 5.7°C
इन जिलों में घने कोहरे का खतरा
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि आज हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है। सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है।
पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के आसार
देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर कुहासा देखने को मिल सकता है।
वहीं उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि, कोहरे के दौरान सावधानी बरतें, अनावश्यक यात्रा से बचें, वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता रखें।

