उत्तराखंड हाईकोर्ट के अगले मुख्य न्यायाधीश हो सकते हैं न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता
- सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने पाँच राज्यों के मुख्य न्यायाधीशों के नाम किए प्रस्तावित
नैनीताल। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने बुधवार को हुई बैठक में देश के पाँच उच्च न्यायालयों के लिए नए मुख्य न्यायाधीशों के नाम प्रस्तावित किए हैं। इनमें उत्तराखंड उच्च न्यायालय के अगले मुख्य न्यायाधीश के रूप में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता का नाम शामिल है।
कॉलेजियम की सिफारिशों पर केंद्र सरकार की स्वीकृति के बाद इन नामों को राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही नियुक्तियों की औपचारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।
कॉलेजियम द्वारा जिन नामों की सिफारिश की गई है, वे इस प्रकार हैं-
- न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता (इलाहाबाद हाईकोर्ट) — उत्तराखंड उच्च न्यायालय
- न्यायमूर्ति रेवती पी. मोहिते डेरे (बॉम्बे हाईकोर्ट) — मेघालय उच्च न्यायालय
- न्यायमूर्ति एम.एस. सोनक (बॉम्बे हाईकोर्ट) — झारखंड उच्च न्यायालय
- न्यायमूर्ति ए. मोहम्मद मुस्ताक (केरल हाईकोर्ट) — सिक्किम उच्च न्यायालय
- न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू (उड़ीसा हाईकोर्ट) — पटना उच्च न्यायालय
कॉलेजियम ने यह सिफारिशें संबंधित उच्च न्यायालयों में मौजूदा मुख्य न्यायाधीशों के सेवानिवृत्ति और स्थानांतरण के क्रम को ध्यान में रखते हुए की हैं।
गौरतलब है कि, उत्तराखंड उच्च न्यायालय, नैनीताल के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी. नरेंद्र आगामी 9 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके स्थान पर न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता की नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त हो गया है।



