मान्यता नवीनीकरण के नाम पर रिश्वत लेते बीईओ और शिक्षक गिरफ्तार
रिपोर्ट- अमित भट्ट
देहरादून। पुलिस मॉडर्न स्कूल की मान्यता नवीनीकरण के बदले रिश्वत मांगने के मामले में विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) बृजपाल सिंह राठौर और एक शिक्षक को 20 हजार रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
गिरफ्तार बीईओ बृजपाल सिंह राठौर की पत्नी रीना राठौर देहरादून में पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) के पद पर तैनात हैं, जिससे यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।
नवीनीकरण के बदले मांगी जा रही थी रिश्वत
हरिद्वार स्थित 40वीं वाहिनी पीएसी परिसर में संचालित पुलिस मॉडर्न स्कूल की मान्यता नवीनीकरण प्रस्तावित थी। आरोप है कि इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के एवज में बीईओ द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
बताया जा रहा है कि इस पूरे लेन-देन में ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (बीआरसी) मुकेश कुमार मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था। मुकेश कुमार श्यामपुर क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में प्रधानाध्यापक के पद पर भी तैनात है।
शिकायत के बाद सक्रिय हुई विजिलेंस
पुलिस मॉडर्न स्कूल की प्रधानाचार्य ने रिश्वत मांगने की शिकायत उच्च अधिकारियों से की थी। शिकायत मिलने के बाद देहरादून विजिलेंस टीम ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की और योजनाबद्ध तरीके से गुरुवार को हरिद्वार में ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
विजिलेंस टीम ने बीईओ बृजपाल सिंह राठौर और बीआरसी मुकेश कुमार को रिश्वत की रकम लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
देहरादून लाकर पूछताछ
कार्रवाई के बाद विजिलेंस टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ देहरादून ले आई, जहां उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, मामले में विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप
घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में खलबली मची हुई है। मामला एक पुलिस से जुड़े स्कूल और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के पारिवारिक संबंध से जुड़ा होने के कारण अधिक संवेदनशील माना जा रहा है। विजिलेंस की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।



