बड़ी खबर: प्राइमस अस्पताल पर लापरवाही का गंभीर आरोप, ऑपरेशन के दौरान युवक की मौत, परिजनों में आक्रोश

प्राइमस अस्पताल पर लापरवाही का गंभीर आरोप, ऑपरेशन के दौरान युवक की मौत, परिजनों में आक्रोश

देहरादून के प्राइमस अस्पताल से एक बड़ी और गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। पेट में पथरी के दर्द से परेशान 36 वर्षीय युवक की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय सौकर के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही के चलते युवक की जान चली गई।

परिजनों के अनुसार, पेट की पथरी के इलाज के लिए युवक को प्राइमस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर ने पूरे पेट में चीरा लगा दिया, जिससे हालत बिगड़ गई और युवक की मौत हो गई।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में नाराज परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने मामले में आरोपी डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल मृतक का शव कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।

परिजनों ने ऐलान किया है कि वे आज सुबह 10:30 बजे प्राइमस अस्पताल के बाहर शव रखकर प्रदर्शन करेंगे। परिजनों की मांग है कि दोषी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और अस्पताल को सीज किया जाए।

कंसेंट को लेकर भी उठे सवाल

अस्पताल की ओर से एक कंसेंट दस्तावेज का हवाला दिया जा रहा है, जिसमें बताया गया है कि मरीज अजय सौकर (उम्र 36 वर्ष) का ऑपरेशन डॉ. के.के. टम्टा द्वारा किया जाना था।

कंसेंट में यह उल्लेख है कि ऑपरेशन के दौरान और बाद में होने वाले खतरों के बारे में मरीज और परिजनों को समझा दिया गया था तथा अस्पताल ने केवल ऑपरेशन थिएटर (OT) उपलब्ध कराया था। ऑपरेशन से जुड़े जोखिमों की जिम्मेदारी डॉक्टर की बताई गई है।

हालांकि परिजनों का कहना है कि कंसेंट के बावजूद इस तरह की घोर लापरवाही को जायज नहीं ठहराया जा सकता। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।