शिक्षा: डीडी पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना वार्षिकोत्सव, ‘यात्रा युगों की’ थीम पर बच्चों ने मोहा मन

डीडी पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना वार्षिकोत्सव, ‘यात्रा युगों की’ थीम पर बच्चों ने मोहा मन

देहरादून। गढ़ी कैंट स्थित डीडी पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी स्कूल का वार्षिकोत्सव पूरे उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया।

हिमालयन कल्चर सेंटर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती निधि यादव (आईएएस, उत्तराखंड) ने दीप प्रज्वलित कर किया। स्कूल की प्रिंसिपल सुश्री विनीता तोमर ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

वार्षिकोत्सव में इस वर्ष “यात्रा युगों की” विषय पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसमें बच्चों ने सतयुग, त्रेता, द्वापर और कलयुग की झलकियों को नृत्य, नाट्य और संगीत के माध्यम से जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद बच्चों ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। नर्सरी के नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। आई एम हैप्पी और कलर माई वर्ल्ड जैसे गीतों पर रंग-बिरंगे परिधानों में बच्चों की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

सतयुग की प्रस्तुति में बच्चों ने मत्स्य अवतार, समुद्र मंथन और भगवान शिव द्वारा विषपान का सजीव मंचन किया। वहीं भगवान नरसिंह अवतार और हिरण्यकश्यप वध का दृश्य दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर गया।

त्रेता युग की झलक में राजा हरिश्चंद्र की सत्यनिष्ठा, वामन और परशुराम अवतार तथा भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित रामायण की प्रस्तुति के माध्यम से ईमानदारी, कर्तव्य और सच्चाई का संदेश दिया गया।

द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण के अवतार और महाभारत युद्ध के दृश्य प्रस्तुत किए गए, जहां श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को गीता का उपदेश देने का भावपूर्ण मंचन किया गया। अंत में कलयुग की प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों ने अधर्म, सत्य की पीड़ा और समाज में बढ़ती अव्यवस्थाओं पर सशक्त संदेश दिया।

चारों युगों की प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया कि जब-जब धरती पर धर्म की हानि होती है, तब-तब ईश्वर अवतार लेते हैं। बच्चों की शानदार प्रस्तुति पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

मुख्य अतिथि श्रीमती निधि यादव ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि अभिभावकों को बच्चों में प्रतिदिन सीखने की ललक और पढ़ाई के प्रति उत्साह जगाना चाहिए। विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रियंका यादव ने भी बच्चों की प्रस्तुति को प्रेरणादायक बताया।

स्कूल की प्रिंसिपल सुश्री विनीता तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को अच्छे संस्कार देना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने संस्कारों में आ रही गिरावट पर चिंता जताते हुए इसके लिए अभिभावकों और शैक्षणिक संस्थानों की संयुक्त जिम्मेदारी बताई।

स्कूल के चेयरमैन जितेंद्र सिंह यादव ने कहा कि विद्यार्थी जीवन अमूल्य होता है, इसलिए बच्चों को शिक्षा पर पूरा ध्यान देना चाहिए और मोबाइल जैसी ध्यान भटकाने वाली चीजों से दूर रहना चाहिए। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को वार्षिकोत्सव की शुभकामनाएं दीं तथा कार्यक्रम को सफल बनाने वाले शिक्षकों की मेहनत की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन साक्षी यादव और हिमानी कंडारी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर स्कूल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।