साइबर ठगी से लेकर सड़क हादसे, अपराध, आगजनी और जंगली हाथियों का आतंक
देहरादून। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) से सेवानिवृत्त डीजीएम से शेयर मार्केट निवेश के नाम पर 52.97 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित अरुण कुमार की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना देहरादून में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
व्हाट्सएप पर संपर्क कर फर्जी सेबी रजिस्ट्रेशन और ट्रेडिंग लिंक के जरिए रकम जमा कराई गई। रकम निकालने के समय अतिरिक्त शुल्क मांगने पर ठगी का खुलासा हुआ।
साइबर पुलिस ने 1930 हेल्पलाइन पर तत्काल सूचना देने और फर्जी निवेश ऑफर्स से बचने की अपील की है।
मसूरी | माल रोड विवाद
मसूरी माल रोड से पटरी व्यापारियों को हटाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्रशासन ने 20 दिसंबर से माल रोड पर पटरी दुकानदारी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।
सर्वे में 97 पटरी व्यापारी चिह्नित किए गए हैं, लेकिन सूची से बाहर व्यापारियों ने प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
कांग्रेस नेता सोनिया आनंद रावत ने नगर पालिका पर आरोप लगाए, वहीं पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि पात्र व्यापारियों की वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी और राजनीति नहीं होने दी जाएगी।
हरिद्वार | होटल में जानलेवा हमला
नगर कोतवाली क्षेत्र के एक निजी होटल में युवक पर चाकुओं से जानलेवा हमला किया गया। चार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ है।
एक आरोपी शिवम उर्फ शुंभु को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार हैं। घायल युवक एम्स ऋषिकेश के आईसीयू में भर्ती है।
हरिद्वार | चोरी के मामले
सिडकुल क्षेत्र में यूपीसीएल ठेकेदार के गोदाम से 8 लाख रुपये के ट्रांसफार्मर व उपकरण चोरी, कर्मचारी फरार।
कनखल थाना क्षेत्र में लोहे की रॉड और बांस के डंडे से सीसीटीवी घुमाकर चोरी का प्रयास, वीडियो वायरल। पुलिस जांच में जुटी।
हरिद्वार | जंगली हाथियों का आतंक
बीएचईएल और जगजीतपुर क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही से दहशत। महिला पर हाथी के हमले का वीडियो वायरल हुआ।
वन विभाग ने हाथियों को जंगल में खदेड़ा। डीएफओ के अनुसार एलीफेंट प्रूफ ट्रेंच और सोलर फेंसिंग की योजना पर प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
रामनगर | सड़क हादसा
रामनगर–हल्द्वानी मार्ग पर धमोला क्षेत्र में यात्रियों से भरी बस खेत में पलट गई। हादसे में 6–7 यात्री गंभीर घायल, बस में 35 से अधिक सवारियां थीं। सभी घायलों का उपचार जारी है, पुलिस जांच कर रही है।
विकासनगर | फैक्ट्री में भीषण आग
सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र स्थित जय श्री बालाजी इंडस्ट्रीज (परफ्यूम फैक्ट्री) में भीषण आग लग गई। एलपीजी सिलेंडर व रसायनों के धमाकों से अफरा-तफरी मची। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
हल्द्वानी | शोरूम चोरी
रामपुर रोड स्थित दोपहिया वाहन शोरूम बालाजी मोटर्स से तीन स्कूटी और स्पेयर पार्ट्स चोरी हो गए।
सीसीटीवी में नकाबपोश चोर कैद, कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



