बड़ा हादसा: खाई में गिरी पर्यटकों की XUV, परिवार के 7 सदस्य और ड्राइवर घायल

खाई में गिरी पर्यटकों की XUV, परिवार के 7 सदस्य और ड्राइवर घायल

नैनीताल जिले के रामगढ़ क्षेत्र में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नोएडा से आए पर्यटकों का वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें एक ही परिवार के 7 सदस्य और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। रात के अंधेरे और दुर्गम इलाके के कारण रेस्क्यू बेहद चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन SDRF टीम ने कड़ी मेहनत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

नैनीताल–मुक्तेश्वर घूमकर लौट रहे थे पर्यटक

सूत्रों के अनुसार, नोएडा से आए पर्यटक नैनीताल और मुक्तेश्वर घूमने के बाद वापस लौट रहे थे। देर रात रामगढ़ क्षेत्र में वाहन XUV 700 (UP 14 FK 1616) अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधा गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

कार पर ‘VIP’ और कमल का फूल बना सवाल

दुर्घटनाग्रस्त वाहन के शीशे पर ‘VIP’ लिखा था और कमल का फूल (बीजेपी का चुनाव चिन्ह) भी लगा हुआ था। इसके बाद स्थानीय स्तर पर यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या यह किसी बीजेपी नेता का वाहन था। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।

रात में रेस्क्यू बना चुनौती, SDRF ने बचाई जान

अंधेरा और खाई की गहराई के कारण रेस्क्यू अभियान जोखिमपूर्ण था। SDRF पोस्ट नैनीताल से उपनिरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला।

भवाली कोतवाल प्रेम मेहरा ने बताया कि, “देर रात वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिलते ही SDRF टीम भेजी गई। टीम ने सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वाहन में कुल 8 लोग सवार थे।”— प्रेम मेहरा, कोतवाल भवाली

सभी घायलों को रामगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया

घटना में सभी 8 लोग घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए रामगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घायलों की सूची

  • निष्ठा (14 वर्ष)
  • शमा (8 वर्ष)
  • लवीया (7 वर्ष)
  • नितिन
  • सचिन
  • कंचन
  • रुचि (35 वर्ष)
  • ड्राइवर — गंभीर