इंडिगो का बड़ा ऑपरेशनल संकट। देहरादून से 13 उड़ानें रद्द, यात्रियों में हंगामा
देहरादून। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो इन दिनों गंभीर ऑपरेशनल संकट से गुजर रही है। पिछले चार दिनों से इंडिगो की कई उड़ानें या तो देरी से उड़ रही हैं या फिर रद्द हो रही हैं, जिससे यात्रियों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार, 5 दिसंबर को देहरादून से इंडिगो की 13 उड़ानें रद्द कर दी गईं।
दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता और मुंबई जैसी प्रमुख रूटों की फ्लाइटें रद्द होने से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
एयरपोर्ट डायरेक्टर भूपेश नेगी ने बताया कि इंडिगो ने आज देहरादून की सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन की ओर से यात्रियों की मदद के लिए एक हेल्प डेस्क लगाया गया है और करीब 100 यात्रियों को सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो देशभर में अपने सबसे बड़े ऑपरेशनल संकट का सामना कर रही है। गुरुवार तक ही एयरलाइन ने 500 से ज्यादा उड़ानें रद्द की हैं।
स्थिति को देखते हुए DGCA हरकत में आ गया है और उसने पायलट ड्यूटी संबंधी नई गाइडलाइन को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया है।
नियामक ने कहा कि साप्ताहिक आराम की जगह छुट्टी देने जैसे प्रावधान स्वीकार नहीं होंगे। यह कदम एयरलाइनों के संचालन को सामान्य करने के लिए उठाया गया है।
बता दें कि इंडिगो ने नवंबर में ही अपने नेटवर्क में 1,232 उड़ानें रद्द की थीं। सरकार ने भी कहा है कि वह यात्रियों की सुविधा और एयरलाइन की व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है।
इंडिगो के पास फिलहाल 400 से ज्यादा एयरक्राफ्ट हैं और रोजाना 2,300 से अधिक उड़ानें संचालित होती हैं। यह 90+ घरेलू और 45+ अंतरराष्ट्रीय स्थलों को जोड़ती है।
FY25 में एयरलाइन ने 118 मिलियन से ज्यादा यात्रियों को सेवा दी और 2025 स्काईट्रैक्स अवॉर्ड्स में ‘भारत और दक्षिण एशिया की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइन’ चुनी गई।


