बिग ब्रेकिंग: फैसले से पहले हल्द्वानी में सख्ती। पुलिस का बड़ा अभियान, 121 पर कार्रवाई, 21 गिरफ्तार

फैसले से पहले हल्द्वानी में सख्ती। पुलिस का बड़ा अभियान, 121 पर कार्रवाई, 21 गिरफ्तार

हल्द्वानी। रेलवे भूमि मामले में 2 दिसंबर को आने वाले संभावित अहम फैसले से पहले नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट और एक्शन मोड में नजर आ रही है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पूरे जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर ताबड़तोड़ अभियान चलाया जा रहा है।

आज चला बड़ा अभियान

1 दिसंबर को एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा और एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने जिलेभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।

कार्रवाई के प्रमुख बिंदु:

  • 121 लोगों पर 126/135 BNS के तहत निरोधात्मक कार्रवाई
  • 21 उपद्रवी तत्व गिरफ्तार

गिरफ्तार व्यक्तियों में वे लोग भी शामिल जिन्हें पहले बनभूलपुरा हिंसा, थाने में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं में आरोपी बनाया गया था।

पुलिस के मुताबिक इन व्यक्तियों द्वारा दोबारा भीड़ जुटाने या माहौल बिगाड़ने की आशंका थी, इसलिए BNSS की धारा 170 में कार्रवाई की गई।

“कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं”

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ ने साफ कहा कि, “शांति व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। दंगा भड़काने वालों, अफवाह फैलाने वालों और आदतन उपद्रवियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जरूरत पड़ी तो कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

सोशल मीडिया की कड़ी निगरानी

नैनीताल पुलिस सिर्फ मैदानी कार्रवाई तक सीमित नहीं है। सोशल मीडिया पर भी हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि, भड़काऊ पोस्ट, अफवाह, गलत/भ्रामक संदेश पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड होता हर कंटेंट ट्रैक किया जा रहा है।

फैसले से पहले सख्ती, बाद में भी निगरानी जारी

आने वाले फैसले के मद्देनज़र पुलिस ने दंगों में शामिल व्यक्तियों की सूची तैयार कर ली है। शहर में शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए फैसले के बाद भी निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।