बड़ा हादसा: तेज रफ्तार बुलेट ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर। एक की मौत, तीन घायल

तेज रफ्तार बुलेट ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर। एक की मौत, तीन घायल

हल्द्वानी। शनिवार तड़के हल्द्वानी में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। तेज रफ्तार बुलेट बाइक ने ऊंचापुल रोड के पास खड़े एक ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भयावह था कि बुलेट सवार 35 वर्षीय चंद्रभानु त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

टक्कर की आवाज होते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

मुखानी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने तक चारों युवक सड़क पर बुरी तरह घायल पड़े थे। डॉक्टरों ने चंद्रभानु को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन घायलों को गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

शादी में शामिल होकर लौट रहा था चंद्रभानु

पुलिस जांच के अनुसार हादसा सुबह करीब तीन बजे हुआ। बुलेट पर तीन युवक सवार थे, जिनके शराब पिए होने की जानकारी सामने आई है। तेज रफ्तार में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा में जा घुसी।

मरने वाले युवक की पहचान चंद्रभानु त्रिपाठी निवासी द्वाराहाट (अल्मोड़ा) के रूप में हुई है। वह दिल्ली मेट्रो में कार्यरत था और इन दिनों हल्द्वानी अपने दोस्त की शादी में आया हुआ था।

हादसे के समय चंद्रभानु बाइक की बीच वाली सीट पर बैठा था। टक्कर में वह जोर से सड़क पर गिरा और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घर में मचा कोहराम, पीछे छूट गई दो साल की बेटी

चंद्रभानु के पीछे उसकी पत्नी और दो वर्षीय बेटी रहती हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।

पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और शराब पिए होने को ही हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।