बड़ी खबर: UKSSSC पेपर लीक केस में पहली गिरफ्तारी के बाद अब पूर्व बेरोज़गार संघ अध्यक्ष बॉबी पंवार तलब

UKSSSC पेपर लीक केस में पहली गिरफ्तारी के बाद अब पूर्व बेरोज़गार संघ अध्यक्ष बॉबी पंवार तलब

देहरादून। UKSSSC पेपर लीक मामले में एक बड़ी कार्रवाई के बाद अब सीबीआई ने पूर्व बेरोज़गार संघ अध्यक्ष बॉबी पंवार को पूछताछ के लिए तलब किया है। सीबीआई ने उन्हें सोमवार को हाज़िर होने के निर्देश दिए हैं, जहां पूरा मामला लेकर उनसे विस्तृत पूछताछ होगी।

पेपर लीक का खुलासा सबसे पहले बॉबी पंवार के पास पहुँचा था

21 सितंबर को आयोजित UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा के दौरान एक परीक्षा केंद्र से प्रश्नपत्र के तीन पन्ने आउट हुए थे।

सूत्रों के मुताबिक सबसे पहले पेपर लीक का स्क्रीनशॉट बॉबी पंवार के पास पहुँचा, जिसके बाद उन्होंने इसे मीडिया के सामने उजागर किया। इसी खुलासे के बाद मामला तूल पकड़ गया।

कैसे हुआ पेपर लीक? जांच में सामने आया पूरा चक्र

जांच के अनुसार-

  • पेपर हरिद्वार के बहादरपुर जट केंद्र से बाहर भेजा गया।
  • अभियुक्त खालिद पहले से मोबाइल छिपाकर केंद्र में ले गया था।
  • उसने प्रश्नपत्र अपनी बहन साबिया को भेजा।

साबिया ने इसे टिहरी गढ़वाल स्थित सरकारी कॉलेज की सहायक प्रोफेसर सुमन चौहान को फॉरवर्ड किया।

पुलिस जांच में पाया गया कि सुमन चौहान की संलिप्तता जानबूझकर नहीं थी, वह यह नहीं जानती थीं कि यह किसी प्रतियोगी परीक्षा का प्रश्नपत्र है। 22 सितंबर को पहले सुमन चौहान, फिर खालिद और बाद में साबिया को गिरफ्तार किया गया।

सीबीआई जांच की मांग और कार्रवाई

मामले ने जैसे ही तूल पकड़ा, बेरोज़गार संघ ने सीबीआई जांच की मांग उठाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धरनास्थल पर पहुँचे और मामले को सीबीआई को सौंपने की संस्तुति की। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद 26 अक्टूबर को सीबीआई ने मुकदमा दर्ज किया।

सीबीआई ने प्राथमिक जांच में सुमन चौहान की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर शुक्रवार को उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया, जिसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

बॉबी पंवार बोले-पूरी तरह सहयोग करेंगे

सीबीआई तलब पर प्रतिक्रिया देते हुए बॉबी पंवार ने कहा कि, “हमने ही इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की थी। अब जब बुलावा आया है, पूरी तरह सहयोग करेंगे। देर से ही सही, लेकिन बुलावा आया तो अच्छा है।”