विशेष रिपोर्ट: रुड़की बना स्पा सेंटरों का नया ठिकाना, अवैध गतिविधियों का बढ़ता जाल

रुड़की बना स्पा सेंटरों का नया ठिकाना, अवैध गतिविधियों का बढ़ता जाल

रिपोर्ट- मोनू शर्मा

रुड़की। धर्मनगरी हरिद्वार जिले का रुड़की शहर एक बार फिर अवैध गतिविधियों को लेकर सुर्खियों में है। शहर में तेजी से बढ़ रहे स्पा सेंटरों ने न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि सामाजिक माहौल को भी प्रभावित किया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इन स्पा सेंटरों की आड़ में खुलेआम अनैतिक कार्य और गलत गतिविधियाँ संचालित हो रही हैं, जिससे रुड़की धीरे–धीरे ‘स्पा सेंटर हब’ में बदलता जा रहा है।

चिंताजनक बात यह है कि इन केंद्रों में स्कूल और कॉलेज के छात्रों की भी बेरोकटोक आवाजाही हो रही है, जो युवाओं के भविष्य पर बड़ा खतरा पैदा कर रही है।

सूत्र बताते हैं कि इन स्पा सेंटरों में प्रवेश के लिए पहले एक एंट्री फीस ली जाती है और फिर अंदर अलग–अलग छोटे कमरों में युवतियाँ अतिरिक्त पैसे लेकर ‘स्पेशल सर्विस’ ऑफर करती हैं।

यह मॉडल साफ संकेत देता है कि यहां स्पा थेरेपी के नाम पर अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। शहर भर में इस तरह की गतिविधियों के बढ़ने ने अभिभावकों और स्थानीय लोगों में गहरी चिंता पैदा कर दी है।

इस मामले पर रुड़की एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि पुलिस ने पहले भी गुप्त सूचना के आधार पर कई स्पा सेंटरों पर छापेमारी की थी। जांच में गलत गतिविधियाँ पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई थी।

उन्होंने कहा कि पुलिस की निगरानी आगे भी जारी रहेगी और जहाँ भी कानून का उल्लंघन पाया जाएगा, कार्रवाई की जाएगी।

हालाँकि पुलिस की कार्रवाई के बावजूद इन स्पा सेंटरों का लगातार फलना-फूलना कई अन्य विभागों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाता है। लोग पूछ रहे हैं कि महिला आयोग, स्थानीय प्रशासन और लाइसेंस जारी करने वाले विभाग आखिर कब जागेंगे? क्यों इन सेंटरों के संचालन पर स्थायी रोक या कठोर कार्रवाई नहीं की जा रही है?

यह मुद्दा केवल कानून व्यवस्था का नहीं, बल्कि धार्मिक नगरी की छवि और युवाओं के भविष्य का भी है। यदि समय रहते इन अवैध गतिविधियों को नहीं रोका गया, तो शहर का माहौल और अधिक बिगड़ सकता है। प्रशासन को जल्द सख्त कदम उठाते हुए इन स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे इस अवैध धंधे पर पूर्ण विराम लगाना होगा।