बड़ी खबर: रुड़की में अवैध मजार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बुलडोज़र चलाकर कब्जा मुक्त कराई जमीन

रुड़की में अवैध मजार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बुलडोज़र चलाकर कब्जा मुक्त कराई जमीन

रिपोर्ट- सलमान मलिक

रुड़की। धामी सरकार की अतिक्रमण विरोधी मुहिम के तहत रुड़की के नेहन्दपुर गांव में आज सरकारी जमीन पर बनाए गए एक अवैध मजार को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। लक्सर उप जिलाधिकारी सौरव असवाल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई, जिसमें राजस्व टीम और पुलिस बल भी मौजूद रहा।

एसडीएम सौरव असवाल ने बताया कि मजार संचालक को दो बार नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस के बावजूद जब अवैध निर्माण नहीं हटाया गया, तब शनिवार को टीम मौके पर पहुंची और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ऐसे अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है, जिसके लिए राजस्व टीम को विशेष रूप से नियुक्त किया गया है। यदि और अवैध मजार या धार्मिक संरचनाओं के अतिक्रमण की जानकारी मिलती है, तो उन पर भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर पहुंचे एसपी देहात ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

उन्होंने कहा कि गांव में कोई बड़ा विरोध सामने नहीं आया क्योंकि पहले से ही बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम मजबूत कर लिए गए थे, जिससे भीड़ मौके पर नहीं पहुंच पाई। एसपी ने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्वक और प्रशासनिक मानकों के तहत पूरी की गई।

सरकार की इस कार्रवाई के बाद ग्रामीण इलाके में चर्चा तेज है और प्रशासन ने संकेत दिया है कि क्षेत्र में अवैध कब्जों पर अभियान आगे भी जारी रहेगा।