देहरादून में सुखोई-30 MKI की इमरजेंसी लैंडिंग, फिर हुआ यह….
देहरादून। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भारतीय वायुसेना के सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान की तकनीकी खामी के चलते आपात लैंडिंग कराई गई। यह घटना सोमवार सुबह हुई।
जानकारी के अनुसार, यह फाइटर जेट बरेली से उड़ान भरकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था कि तभी उड़ान के दौरान विमान के एक इंजन से तेल का रिसाव शुरू हो गया। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए देहरादून में इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया।
सुरक्षित लैंडिंग के बाद विमान को एयरपोर्ट के वीआईपी गेस्ट हाउस के समीप सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया गया। भारतीय वायुसेना की ओर से तुरंत बरेली से इंजीनियरों की टीम देहरादून भेजी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर विमान की तकनीकी खराबी दूर करने का कार्य शुरू कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, फाइटर विमान को किसी बड़े नुकसान से बचा लिया गया है। एयरपोर्ट प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बरतते हुए पूरे क्षेत्र में आवश्यक इंतज़ाम किए। हालांकि, घटना में किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान की सूचना नहीं है।
वायुसेना की टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है। घटना के बाद से एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा को भी बढ़ा दिया गया है।

