विशेष रिपोर्ट: PM मोदी ने धामी सरकार की नीतियों को सराहा, 8260 करोड़ की सौगात। कांग्रेस ने कहा—चुनावी जुमला

PM मोदी ने धामी सरकार की नीतियों को सराहा, 8260 करोड़ की सौगात। कांग्रेस ने कहा, चुनावी जुमला

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड की धामी सरकार की नीतियों की जमकर सराहना की।

FRI ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि राज्य सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा नियंत्रण कानून और UCC जैसे राष्ट्रहित के मुद्दों पर साहसिक निर्णय लिए हैं, जो पूरे देश के लिए मिसाल हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि 25 साल पहले राज्य के सामने संसाधनों की कमी और आर्थिक चुनौतियां थीं, लेकिन आज उत्तराखंड नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में ₹2 लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाएं चल रही हैं। देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे, गोविंदघाट रोपवे समेत कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट विकास को गति देंगे।

प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि सेब और कीवी किसानों को डिजिटल करेंसी के माध्यम से अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक टेक्नोलॉजी से पारदर्शिता और ट्रैकिंग संभव होगी, इसलिए यह पहल महत्वपूर्ण है।

“उत्तराखंड बन सकता है स्पिरिचुअल कैपिटल ऑफ वर्ल्ड”

पीएम मोदी ने कहा कि केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, जागेश्वर और आदि कैलाश जैसे पवित्र धाम उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि तीर्थ यात्राओं से न सिर्फ भक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई ताकत मिलती है।

उन्होंने स्थानीय त्योहारों—हरेला, फूलदेई और भिटोली—का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड की परंपराएं पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। उन्होंने स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग को महत्व देते हुए “हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड” का भी जिक्र किया।

8260 करोड़ की सौगात

राज्य स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने 8260 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इनमें प्रमुख हैं—

  • सोंग बांध पेयजल परियोजना (देहरादून)
  • जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना (नैनीताल)
  • अमृत योजना के तहत पेयजल आपूर्ति कवरेज
  • पिथौरागढ़ विद्युत उप केंद्र
  • सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्र
  • हल्द्वानी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान
  • चंपावत में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज
  • नैनीताल में आधुनिक डेयरी संयंत्र

कांग्रेस का पलटवार — “PM की घोषणाएं चुनावी जुमले”

मसूरी में शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों की उपेक्षा की है।

उन्होंने प्रधानमंत्री की घोषणाओं को चुनावी जुमला बताते हुए कहा कि बिहार की तरह यहां भी बड़ी घोषणाएं की जा रही हैं, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं दिखता।

माहरा ने आरोप लगाया कि

  • हल्द्वानी की ₹2,200 करोड़ योजना 3 साल से अधर में
  • अंकिता भंडारी मामले पर पीएम चुप
  • थराली आपदा में सरकार की लापरवाही
  • कर्ज में डूब चुका है प्रदेश
  • कर्मचारियों की तनख्वाह के लिए कर्ज लेना पड़ रहा

उन्होंने कहा कि धामी सरकार प्रचार पर ₹1000 करोड़ खर्च कर चुकी है, जबकि आपदा राहत की मांग पर केंद्र ने मात्र ₹1,200 करोड़ स्वीकृत किए। पीएम की रैली पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने बच्चों और बसों के राजनीतिक उपयोग का आरोप लगाया।

विकास की गाथा: 25 साल में बदल गई तस्वीर — PM

पीएम मोदी ने कहा कि 25 साल पहले राज्य का बजट करीब ₹4000 करोड़ था, जो अब बढ़कर ₹1 लाख करोड़ हो गया है।

  • बिजली उत्पादन 4 गुना
  • सड़कों की लंबाई दोगुनी
  • मेडिकल कॉलेज 1 से बढ़कर 10

उन्होंने गढ़वाली में कहा, “पैली पहाड़ौं की चढ़ै, विकासै बाढ़ रोक देंद छै, अब वखी बटी नई बाट खुलन लगी।

विंटर टूरिज्म व फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में उभरता उत्तराखंड

पीएम मोदी ने कहा कि फिल्म नीति ने राज्य को फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में नई पहचान दी है। उन्होंने वेडिंग डेस्टिनेशन और 12-मासी पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही।

युवा—स्वास्थ्य—नवाचार

राज्य स्थापना दिवस पर “ईट राइट यूथ हैकथॉन” की शुरुआत की गई। स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने युवाओं में स्वस्थ खान-पान को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

उत्तराखंड स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने जहां विकास, आध्यात्मिक क्षमता और स्थानीय उत्पादों की शक्ति पर जोर दिया, वहीं कांग्रेस ने उनकी घोषणाओं को चुनावी छलावा बताकर हमला बोला।

एक ओर राज्य सरकार विकास गति तेज करने की बात कर रही है, तो दूसरी ओर विपक्ष मूल मुद्दों और वादों की पूर्ति पर सवाल उठा रहा है।