मुख्यमंत्री की पहल। रामपुर नगर पंचायत में आपदा पीड़ितों को मिली बड़ी राहत
रिपोर्ट- सलमान मलिक
रुड़की। उत्तराखंड में आई आपदा के बाद राहत और पुनर्वास कार्य तेजी से जारी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर रामपुर नगर पंचायत क्षेत्र के आपदा प्रभावित परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई।
सोमवार को नगर पंचायत चेयरमैन परवेज सुल्तान ने आपदा से प्रभावित परिवारों को राहत राशि के चेक वितरित किए। प्रत्येक पीड़ित परिवार को पांच-पांच हजार रुपये की सहायता राशि दी गई।
नगर पंचायत क्षेत्र के सभी प्रभावितों के लिए कुल 10 लाख 55 हजार रुपये की धनराशि के चेक बांटे गए। चेयरमैन परवेज सुल्तान ने बताया कि यह सहायता सीधे तौर पर उन परिवारों की मदद करेगी, जिनका आपदा में बड़ा नुकसान हुआ है।
राहत चेक प्राप्त करने के बाद पीड़ितों के चेहरों पर राहत और संतोष के भाव झलक उठे। प्रभावित परिवारों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।




