बड़ी खबर: चमोली में दर्दनाक हादसा। खाई में गिरी कार, तीन की जलकर मौत

चमोली में दर्दनाक हादसा। खाई में गिरी कार, तीन की जलकर मौत

चमोली। उत्तराखंड में भैया दूज के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। चमोली जिले के गोपेश्वर–पोखरी मोटर मार्ग पर दोपहर करीब एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, और गिरते ही उसमें भीषण आग लग गई।

हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक अरविंद त्रिपाठी अपनी पत्नी अनिता त्रिपाठी और दो बेटों अनन्त त्रिपाठी (22) व अम्बुज त्रिपाठी (25) के साथ पोखरी के विशालपाव गांव गए थे, जो अनिता का मायका है। परिवार वापस लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ।

बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान अचानक कार ने नियंत्रण खो दिया और सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। गिरते ही वाहन में आग भड़क उठी।

हादसा इतना भयानक था कि अरविंद, अनिता और उनका बेटा अनन्त त्रिपाठी मौके पर ही जिंदा जल गए। वहीं बड़ा बेटा अम्बुज त्रिपाठी गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और दमकल दल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। शवों को काफी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला गया।

इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी। भैया दूज के पर्व पर एक ही परिवार की त्रासदी ने गोपेश्वर–पोखरी क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।