बड़ी खबर: पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री धामी की चार बड़ी सौगातें

पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री धामी की चार बड़ी सौगातें

देहरादून। राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष रजत जयंती पदक से सम्मानित किया जाएगा।

मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह महत्वपूर्ण घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने पुलिस विभाग के कल्याण और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए चार बड़ी घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की सीमाएं चीन और नेपाल जैसे अंतरराष्ट्रीय सीमावर्ती देशों से लगती हैं, साथ ही उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों से भी जुड़ी हैं। ऐसे में राज्य की भौगोलिक और सामरिक स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की भूमिका अत्यंत अहम हो जाती है।

उन्होंने कहा, “पुलिस किसी भी राज्य की सुरक्षा और समृद्धि की रीढ़ होती है। हमारे पुलिसकर्मी सीमाओं की सुरक्षा से लेकर समाज में शांति बनाए रखने तक हर मोर्चे पर निष्ठा और समर्पण से अपना कर्तव्य निभा रहे हैं।”

मुख्यमंत्री की चार बड़ी घोषणाएं

  1. विशेष रजत जयंती पदक: राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर उत्तराखंड पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मिलेगा।
  2. आवासीय भवन निर्माण: अगले तीन वर्षों तक हर वर्ष 100 करोड़ रुपये की राशि पुलिस आवास निर्माण के लिए दी जाएगी।
  3. एसडीआरएफ के लिए बैरक निर्माण: विशेष बल के जवानों के लिए पांच नई बैरिकों का निर्माण किया जाएगा।
  4. पुलिस कल्याण कोष में बढ़ोतरी: अब तक 2.5 करोड़ रुपये की राशि को बढ़ाकर 4.5 करोड़ रुपये कर दिया गया है।

शहीदों को श्रद्धांजलि और सम्मान

समारोह में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। उनके परिजनों को आर्थिक सहायता और सम्मान प्रदान किया गया। डीजीपी दीपम सेठ ने बताया कि बीते एक वर्ष में देशभर में 186 पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान शहीद हुए हैं, जिनमें उत्तराखंड पुलिस के चार वीर जवान भी शामिल हैं।

क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस?

पुलिस स्मृति दिवस हर वर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। यह दिन 1959 में लद्दाख की बर्फीली पहाड़ियों में हुए उस हमले की याद दिलाता है, जिसमें चीन की सेना के हमले में सीआरपीएफ के 10 जवान शहीद हो गए थे। उनके साहस और बलिदान की स्मृति में पूरे देश की पुलिस इस दिन अपने शहीद साथियों को श्रद्धांजलि देती है।