दीपों से जगमगाया विद्यालय प्रांगण। महरगाँव मल्ला में दीपावली समारोह उत्साह के साथ मनाया

दीपों से जगमगाया विद्यालय प्रांगण। महरगाँव मल्ला में दीपावली समारोह उत्साह के साथ मनाया

पौड़ी गढ़वाल। राजकीय प्राथमिक विद्यालय महरगाँव मल्ला में दीपावली पर्व से पूर्व रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उल्लास के साथ भाग लिया। विद्यालय परिसर दीपों, फूलों और रंगोलियों से सजा नजर आया, जिससे पूरे प्रांगण में दीपोत्सव का आनंदमयी माहौल बन गया।

कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाट्य मंचन रहा, जिसमें “रावण वध” और “राम का अयोध्या लौटना” विषय पर सुंदर नाटक प्रस्तुत किया गया।

विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनवास से अयोध्या लौटने की कहानी को जीवंत रूप में दर्शाया। बच्चों की संवाद अदायगी, भाव-भंगिमाएँ और पारंपरिक वेशभूषा ने दर्शकों का मन मोह लिया।

नाटक के अंत में विद्यार्थियों ने “दीप जलाएँ, पटाखे नहीं” का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषणमुक्त दीपावली मनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सत्य, अहिंसा, प्रेम, बंधुत्व और सामाजिक सद्भावना के आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक महावीर धनियाल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें अपनी संस्कृति को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समय-समय पर राष्ट्रीय विज्ञान दिवस, बाल मेला, वार्षिक उत्सव, विभिन्न प्रतियोगिताएँ और शैक्षिक उन्नयन कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

अंत में मिठाइयों का वितरण किया गया और सभी ने मिलकर दीप प्रज्वलित किए। यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम रहा बल्कि विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कृति और पर्यावरणीय चेतना से जोड़ने वाला प्रेरणादायक प्रयास साबित हुआ।