बड़ी खबर: भाजपा विधायक की महिलाओं से तीखी नोकझोंक, पुलिस में दी शिकायत

भाजपा विधायक की महिलाओं से तीखी नोकझोंक, पुलिस में दी शिकायत

  • रुद्रप्रयाग में बेकाबू ट्रॉले ने मचाई तबाही, दो कारों और चार दोपहिया वाहनों को मारी टक्कर

रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ हाईवे पर तिलणी में शुक्रवार सुबह एक ट्रॉला चालक ने दो कारों और चार दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि चालक नशे में धुत्त था। स्थानीय लोगों ने मौके पर ही उसकी जमकर धुनाई कर दी।

घटना के दौरान हाईवे से गुजर रहे रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी की भी महिलाओं के साथ तीखी नोकझोंक हो गई, जिसके बाद आक्रोशित महिलाओं ने विधायक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

सुबह सात बजे हुआ हादसा, बड़ा हादसा टला

जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे गौचर से रुद्रप्रयाग की ओर जा रहा ट्रॉला तिलणी बाजार में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े करीब आधा दर्जन वाहनों को रौंदते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

घटना में 2 कार, 3 स्कूटी और 1 बाइक क्षतिग्रस्त हुईं, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। पास में स्थित गुरु रामराय पब्लिक स्कूल का समय बदले होने के कारण बच्चे मौके पर मौजूद नहीं थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

गुस्साए लोगों ने किया प्रदर्शन

हादसे के बाद तिलणी के स्थानीय लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों कल्पेश्वरी देवी, सरोजनी देवी, रविंद्र कठैत और नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि इस क्षेत्र में यह चौथी बड़ी दुर्घटना है। इसके बावजूद एनएच, प्रशासन और पुलिस लापरवाह बने हुए हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष ने जताया आक्रोश

घटना की सूचना पर नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर प्रशासनिक लापरवाही पर नाराजगी जताई और शासन-प्रशासन से जवाबदेही की मांग की।

विधायक से महिलाओं की नोकझोंक, पुलिस को सौंपा पत्र

इसी दौरान मौके से गुजर रहे विधायक भरत सिंह चौधरी ने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित महिलाओं ने उनसे तीखी बहस की।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि विधायक ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिसके बाद उन्होंने कोतवाली निरीक्षक मनोज नेगी को शिकायत पत्र सौंपा। पत्र पर पूजा देवी, कल्पना देवी, साक्षी देवी, उषा देवी, विनीता देवी, रिंकी देवी, शशी देवी सहित दर्जनभर महिलाओं के हस्ताक्षर हैं।

चालक गिरफ्तार

पुलिस ने मौके पर ट्रॉला चालक रमेश प्रकाश निवासी माणिकपुर, प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। “चालक को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।”– मनोज नेगी, कोतवाली निरीक्षक, रुद्रप्रयाग

विधायक ने दी सफाई

विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि यह नाराजगी स्वाभाविक थी और इसमें उनकी कोई संलिप्तता नहीं है। “तथ्यों की जानकारी के अभाव में कुछ लोगों में नाराजगी थी। पहले की घटनाओं में मुआवजे को लेकर भी असंतोष रहा है। हमने एनएच विभाग को झाड़ियां काटने और एक्सीडेंटल एरिया में साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं।”-भरत सिंह चौधरी, भाजपा विधायक, रुद्रप्रयाग