बिग ब्रेकिंग: IPS लोकेश्वर सिंह ने दिया पद से इस्तीफा

IPS लोकेश्वर सिंह ने दिया पद से इस्तीफा

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस के तेजतर्रार अधिकारी आईपीएस लोकेश्वर सिंह ने एसएसपी पौड़ी के पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका चयन संयुक्त राष्ट्र (UN) से संबद्ध एक अंतरराष्ट्रीय संगठन में हुआ है। यह चयन एक बेहद प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के माध्यम से हुआ, जिसमें दुनियाभर के अधिकारी शामिल थे।

उत्तराखंड पुलिस सेवा के अधिकारी आईपीएस लोकेश्वर सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वर्तमान में पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में तैनात लोकेश्वर सिंह का चयन संयुक्त राष्ट्र (UN) से संबद्ध एक अंतरराष्ट्रीय संगठन में हुआ है।

जानकारी के अनुसार, उन्होंने पुलिस मुख्यालय और राज्य सरकार को आवश्यक अनुमोदन के लिए आवेदन प्रस्तुत कर दिया है। अनुमोदन मिलने के बाद वे उत्तराखंड कैडर से कार्यमुक्त होकर अपनी नई अंतरराष्ट्रीय भूमिका में दायित्व संभालेंगे।

साल 2014 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी लोकेश्वर सिंह ने बीते 11 वर्षों में उत्तराखंड पुलिस में कई अहम जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। उन्होंने हरिद्वार, देहरादून, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं और वर्तमान में पौड़ी जनपद की पुलिस व्यवस्था का नेतृत्व कर रहे हैं।

उनकी नई भूमिका संस्थागत अखंडता (Institutional Integrity), शांति स्थापना (Peacekeeping) और सतत विकास (Sustainable Development) जैसे वैश्विक उद्देश्यों से जुड़ी होगी। यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि उत्तराखंड और भारत दोनों के लिए गौरव का विषय है।

गौरतलब है कि हाल ही में उत्तराखंड की एक अन्य आईपीएस अधिकारी रचिता जुयाल ने भी इस्तीफा दिया था, जिसे केंद्र सरकार ने मंजूरी दी थी। रचिता जुयाल 2015 बैच की अधिकारी हैं।

वहीं, आईएएस अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने भी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के लिए आवेदन किया है, हालांकि इस पर अभी राज्य सरकार का निर्णय आना बाकी है।