यूट्यूबर सौरभ जोशी को धमकी, इस गैंगस्टर का नाम आया सामने
देहरादून। उत्तराखंड के मशहूर यूट्यूबर सौरभ जोशी को मिली धमकी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में इस धमकी के पीछे कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का नाम सामने आ रहा है।
हरियाणा के रोहतक जिले के रतौली गांव का रहने वाला हिमांशु भाऊ साल 2022 में 24 घंटे के भीतर तीन हत्याएं कर सुर्खियों में आया था। इसके बाद वह फर्जी पासपोर्ट पर अमेरिका भाग गया और वहीं से अपने गैंग को भारत में संचालित कर रहा है।
ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़ा मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सौरभ जोशी को दी गई धमकी को ऑनलाइन सट्टे के प्रचार से जोड़ा जा रहा है। गैंग सोशल मीडिया के जरिए कंटेंट क्रिएटर्स को खुलेआम चेतावनी दे रहा है कि जो लोग सट्टेबाजी का प्रमोशन करेंगे, उन्हें निशाना बनाया जाएगा।
पहले भी मिली थी धमकी
यह पहली बार नहीं है जब सौरभ को धमकी मिली हो। 18 नवंबर 2024 को भी उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी दी गई थी, जिसमें बाद में एक फैन की गिरफ्तारी हुई थी।
एल्विश यादव पर भी हमला
इसी गैंग ने अगस्त 2025 में यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विजेता एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर फायरिंग करवाई थी। उस घटना की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया ने खुद ली थी।
दर्ज हैं कई संगीन मुकदमे
गैंगस्टर हिमांशु भाऊ पर रंगदारी, हत्या और अपहरण जैसे 18 संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि उसके गैंग में नाबालिग और युवा बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं।
पुलिस सतर्क, सुरक्षा पर नजर
एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि सौरभ जोशी को मिली धमकी के मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जरूरत पड़ने पर उनकी सुरक्षा भी बढ़ाई जाएगी।



